Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

रथ मेले में खुड़खुड़िया जुआ खिलाने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार, ₹77,240 नकद बरामद

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

पत्थलगांव। ग्राम सूरजगढ़ ऊपरपारा में आयोजित रथ मेले के दौरान खुड़खुड़िया पट्टी और प्लास्टिक की गोटियों के जरिए जुआ खिलाने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके पर संचालित दो अलग-अलग जुआ फड़ों से कुल 77 हजार 240 रुपये नकद सहित जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूरजगढ़ ऊपरपारा रथ मेले में कुछ लोग रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगवाकर खुड़खुड़िया जुआ संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर दो अलग-अलग जुआ फड़ संचालित होते पाए। पहले फड़ से निराकार खुटिया, विजय भगत, अगस्तु भगत और नितेश किण्डो के कब्जे से 42 हजार 810 रुपये बरामद हुए। वहीं दूसरे फड़ से दिलीप खलखो, अकबर किण्डो और रंजीत किण्डो के पास से 34 हजार 430 रुपये मिले।

पुलिस ने दोनों फड़ों से नकदी के अलावा खुड़खुड़िया पट्टी, छह प्लास्टिक की गोटियां, बांस की टोकरी, प्लास्टिक की चटाई और करीब तीन लीटर क्षमता का लाल रंग का पेट्रोमैक्स गैस लैंप सहित अन्य जुआ सामग्री जब्त की।

पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत थाना पत्थलगांव में दो अलग-अलग अपराध दर्ज किए। प्रकरण क्रमांक 168/2026 और 169/2026 में धारा 3(2), 4 एवं 6 के तहत कार्रवाई की गई। विवेचना के बाद सभी सात आरोपियों को 9 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में निराकार खुटिया, विजय भगत, अगस्तु भगत, नितेश किण्डो, दिलीप खलखो, अकबर किण्डो और रंजीत किण्डो शामिल हैं। सभी पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।

यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Advertisements

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button