```html ```
Breaking

CSK ने मैसेज किया, सोशल मीडिया पर हंगामा! संजू सैमसन की ट्रेड डील की चर्चा गर्म

नई दिल्ली  भारतीय क्रिकेटर और राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन आज 11 नवंबर को अपना 31वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपने स्थिर प्रदर्शन और आक्रामक बल्लेबाजी से उन्होंने भारतीय T20 टीम में मजबूत जगह बनाई है। इसी बीच, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से उन्हें सोशल मीडिया पर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं लेकिन यह संदेश केवल बधाई नहीं, बल्कि एक संकेत भी माना जा रहा है। क्रिकेट जगत में चर्चा है कि सैमसन IPL 2026 से पहले एक बड़े ट्रेड के तहत चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ सकते हैं।  CSK और RR के बीच बड़े ट्रेड की तैयारी  रविवार, 9 नवंबर को यह खबर सामने आई कि IPL इतिहास के सबसे बड़े ट्रेड्स में से एक जल्द हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक अहम डील पर बातचीत चल रही है, जिसमें सैमसन को CSK में शामिल किया जा सकता है। इस डील के तहत, चेन्नई अपने स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को राजस्थान भेज सकती है। जडेजा लंबे समय से CSK का अहम हिस्सा रहे हैं, लेकिन पिछले सीजन के बाद उनके फ्रेंचाइज़ी के साथ संबंधों में कुछ तनाव की चर्चा रही थी। इसके साथ ही, इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन का नाम भी इस संभावित डील में जुड़ गया है। करन को भी जडेजा के साथ राजस्थान जाने की उम्मीद जताई जा रही है। अगर यह सौदा होता है, तो यह IPL इतिहास का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला खिलाड़ी एक्सचेंज साबित हो सकता है।    संजू सैमसन का करियर और वर्तमान स्थिति संजू सैमसन ने IPL 2013 से अपने करियर की शुरुआत की थी और तब से उन्होंने निरंतर प्रदर्शन से खुद को एक भरोसेमंद बल्लेबाज और कप्तान के रूप में स्थापित किया है। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान के रूप में, उन्होंने टीम को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया और प्लेऑफ तक कई बार नेतृत्व किया। साथ ही, भारतीय टीम में उन्होंने T20 और ODI फॉर्मेट में अहम भूमिका निभाई है। उनकी बल्लेबाज़ी शैली, शांत स्वभाव और रणनीतिक सोच उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स जैसी अनुभवी टीम के लिए एक आदर्श कप्तान विकल्प बनाती है, ख़ासकर तब जब एमएस धोनी के रिटायरमेंट की अटकलें लगातार बढ़ रही हैं।  CSK का सोशल मीडिया संदेश : इशारा या संयोग?  चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने ऑफिशियल X (Twitter) अकाउंट पर सैमसन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पोस्ट में लिखा था, "आपको और शक्ति मिले, संजू! जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं!' इस संदेश के बाद फैंस ने तुरंत अनुमान लगाना शुरू कर दिया कि शायद यह बधाई किसी संभावित ट्रेड की ओर इशारा है। पोस्ट पर हजारों प्रतिक्रियाएं आईं, जहां कई यूजर्स ने लिखा, “CSK में स्वागत है, संजू!'  रिटेंशन और ट्रेड की आधिकारिक घोषणा का इंतजार फिलहाल, दोनों फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने इस ट्रेड डील पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। माना जा रहा है कि IPL 2026 सीजन के लिए रिटेंशन सूची 15 नवंबर को घोषित की जाएगी। तब तक क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इसी बात पर टिकी हैं कि क्या यह ऐतिहासिक ट्रेड वाकई हकीकत बन पाएगा।   

इतिहास बनाने वाली जीत: रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर ने दिल्ली को पछाड़ा

 नई दिल्ली       जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने मंगलवार को रणजी ट्रॉफी के इतिहास में नया अध्याय लिख दिया. टीम ने घरेलू दिग्गज दिल्ली को 7 विकेट से हराकर छह दशकों में पहली बार उसके खिलाफ जीत दर्ज की. इस ऐतिहासिक जीत के साथ जम्मू-कश्मीर एलीट ग्रुप-डी में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जहां शीर्ष पर मुंबई बनी हुई है. कमरान इकबाल ने जड़ा शतक 179 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर के सलामी बल्लेबाज़ कमरान इकबाल ने नाबाद 133 रन की शानदार पारी खेली. यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी रहा. उनकी यह संयम और तकनीक से भरी पारी ने दिल्ली के गेंदबाज़ों को पूरी तरह बेअसर कर दिया. शुरुआती दबाव के बावजूद इकबाल ने शुरुआत से अंत तक क्रीज पर डटे रहकर टीम को जीत दिलाई, और खुद को जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाज़ी का सबसे भरोसेमंद चेहरा साबित किया. गेंदबाज़ी में औक़िब नबी और वंशज शर्मा का जलवा मैच की कमान जम्मू-कश्मीर ने गेंदबाज़ी के दौरान ही संभाल ली थी. पहली पारी में औक़िब नबी ने 5 विकेट लेकर (5/35) दिल्ली की कमर तोड़ दी और टीम को केवल 211 रन पर समेट दिया. दूसरी पारी में जब दिल्ली ने वापसी की कोशिश की, तो वंशज शर्मा ने 6 विकेट (6/68) लेकर हर उम्मीद पर पानी फेर दिया. इन दोनों गेंदबाज़ों की जोड़ी ने पूरे मुकाबले में कंट्रोल, सटीकता और अनुशासन बनाए रखा, वहीं टीम की फील्डिंग भी शानदार रही. दिल्ली की ओर से संघर्ष, लेकिन नाकाफी दिल्ली की तरफ से आयुष बदोनी ने दोनों पारियों में शानदार बल्लेबाज़ी की. फिफ्टी जड़ी जबकि हर्षित दोसजा ने 65 रन का योगदान दिया. लेकिन इनके अलावा दिल्ली के बाकी बल्लेबाज़ असफल रहे और जम्मू-कश्मीर की सधी हुई गेंदबाज़ी के सामने टिक नहीं सके. पहली पारी में जम्मू-कश्मीर की नींव पहली पारी में जम्मू-कश्मीर ने मजबूत बल्लेबाज़ी से जीत की नींव रख दी थी. कप्तान पारस डोगरा ने 106 रन की कप्तानी पारी खेली, जबकि अब्दुल समद ने तेज़तर्रार 85 रन बनाकर गति दी. दोनों के बीच हुई अहम साझेदारी ने टीम को 310 रन तक पहुंचाया. जो पिच के हिसाब से विजयी स्कोर साबित हुआ. कप्तान पारस डोगरा की रणनीति भी निर्णायक साबित हुई, विशेषकर वंशज शर्मा को अहम समय पर गेंदबाज़ी पर लाने का फैसला, जिसने दिल्ली की दूसरी पारी की रीढ़ तोड़ दी. ऐसा रहा मुकाबले का स्कोरकार्ड दिल्ली: 211 और 277 जम्मू-कश्मीर: 310 और 179/3 परिणाम: जम्मू-कश्मीर 7 विकेट से विजेता

एशेज की जंग पर ओकीफ की भविष्यवाणी: इंग्लैंड उड़ा देगा ऑस्ट्रेलिया को!

नई दिल्ली  ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट स्पिनर स्टीव ओकीफ ने एक बड़ी भविष्यवाणी एशेज सीरीज को लेकर की है। इसी महीने शुरू हो रही ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज कौन जीतने वाला है? इसके लेकर स्टीव ओकीफ ने बड़ा दावा किया है। ओकीफ ने इंग्लैंड के एशेज जीतने की संभावना जताई है और चेतावनी दी है कि इस बार ऑस्ट्रेलिया को घरेलू मैदान पर तेज गेंदबाजी आक्रमण से धूल चटा दी जाएगी, क्योंकि इंग्लैंड की टीम पिछली गलतियों को सुधारने के लिए तैयार है।   इंग्लैंड की टीम ने 2010-11 में इंग्लैंड में एशेज सीरीज जीती थी। उस फेमस सीरीज जीतने के बाद से ऑस्ट्रेलिया में कोई टेस्ट मैच तक इंग्लैंड ने नहीं जीता है, लेकिन ओकीफ – जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए नौ टेस्ट मैच खेले हैं – आने वाले सीरीज में मेहमान टीम के फिर से खिताब जीतने का समर्थन कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के पास दुनिया का सबसे अच्छा आक्रमण है, लेकिन ओकीफ का कहना है कि इंग्लैंड के गेंदबाज इन परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और कोच ब्रेंडन मैकुलम के नेतृत्व में दुनिया को चौंका देंगे। एसईएन स्पोर्ट्सडे एनएसडब्ल्ययू पर स्टीव ओकीफ ने कहा, “यहां मेल देखना न भूलें, मैं कह रहा हूं – इंग्लैंड 3-2। मैं कह रहा हूं कि ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने घरेलू मैदान पर धूल चटा देगी। उनके पास जोफ्रा आर्चर, मार्क वुड, गस एटकिंसन और जोश टंग जैसे कुछ बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं। मुझे लगता है कि वे तैयार हैं, इस बार उनके पास सही आक्रमण है। वे पहले कुछ खिलाड़ी लाते थे और आपको कभी ऐसा नहीं लगता था कि वे कभी भी इतने करीब या काफी अच्छे थे।" ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा, "जब उन्होंने हमें पहले दो बार हराया था, तब वे बेहतर टीम थे। 2010 में, उनकी टीम बेहतर थी। इस बार, आप तर्क दे सकते हैं और कह सकते हैं कि ऐसा नहीं है, लेकिन मैं बस इतना कह रहा हूं कि यह सही टीम है और सही फॉर्म में है। मुझे लगता है कि समय सही है। 2010 से अब तक 15 साल हो चुके हैं। मुझे लगता है कि मैकुलम के नेतृत्व में यह उनके जीतने का समय है।"

भारत की Playing XI में बदलाव तय? पंत की फिटनेस व जुरेल के मौके पर गांगुली ने खोला राज

नई दिल्ली  जबरदस्त फॉर्म में चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को क्या दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 14 नवंबर से शुरू हो रहे पहले टेस्ट में मौका मिलना चाहिए? दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ दोनों पारियों में जुरेल के बल्ले से शानदार शतक निकले, इससे उन्होंने प्लेइंग इलेवन के लिए अपनी तगड़ी दावेदारी पेश कर दी है। ऋषभ पंत वापसी कर रहे हैं तो बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज तो जुरेल की प्लेइंग इलेवन में जगह मुश्किल है। तो क्या उन्हें बतौर बैटर शामिल किया जाना चाहिए? इसे लेकर बहस सी चल रही है और अब इस बहस में पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी कूद पड़े हैं। गांगुली ने कहा है कि ध्रुव जुरेल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में बतौर बैटर शामिल किया जाना चाहिए। साई सुदर्शन की जगह पर उन्हें तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए चुने जाने की वकालत की है। गांगुली ने कहा, ‘वह अच्छा खेल रहा है, खेल रहा है न? ऋषभ आ चुका है और मैं नहीं जानता कि सिलेक्टर क्या सोच रहे हैं। मोटे तौर पर जो स्पॉट फुल हैं वो हैं- दो ओपनर, चौथे नंबर पर गिल, पांचवें नंबर पर पंत, केएल राहुल और रविंद्र जडेजा। खिलाड़ियों ने शानदार परफॉर्म किया है। ऐसे में ध्रुव जुरेल के लिए इस स्टेज में कोई स्लॉट देना कितना आसान रहेगा? मुझे नहीं पता लेकिन ये इस पर निर्भर करेगा कि वे तीसरे नंबर पर किसे चाहते हैं- क्या वे साई सुदर्शन के साथ जाना चाहेंगे या हमारे इन-फॉर्म ध्रुव को लाएंगे? हमें इसका पता चलेगा।’ 24 वर्ष के ध्रुव जुरेल ने ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में वेस्टइंडीज के खिलाफ होम सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। बेंगलुरु में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में इंडिया ए की तरफ से उन्होंने दोनों पारियों में उन्होंने नॉटआउट रहते हुए शतक जड़े। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया। इससे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में प्लेइंग इलेवन में जगह के लिए उनकी दावेदारी निश्चित तौर पर मजबूत हुई है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज का आगाज 14 नवंबर से होने जा रहा है। पहला टेस्ट शुक्रवार से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा।  

भारत vs साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज: सिराज ने बताया क्यों है ये मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा

कोलकाता  भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को पूरा विश्वास है कि वह वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के गत विजेता साउथ अफ्रीका के खिलाफ के शुक्रवार से शुरू होने वाली 2 टेस्ट मैच की सीरीज में दमदार प्रदर्शन करेंगे। भारत WTC पॉइंट्स टेबल अभी तीसरे स्थान पर है। भारत ने WTC 2025-27 सीरीज में अभी तक दो टेस्ट सीरीज खेली है। इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की सीरीज 2-2 की बराबरी पर रही, वहीं 2 मैच की टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज का 2-0 से सूपड़ा साफ किया। दूसरी तरफ साउथ अफ्रीका ने अपने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप खिताब का बचाव करने के अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 1-1 से ड्रॉ के साथ की। सिराज ने जियोस्टार पर कहा, ‘‘यह सीरीज नए डब्ल्यूटीसी चक्र के लिए महत्वपूर्ण है, खासकर इसलिए क्योंकि साउथ अफ्रीका गत चैंपियन है। भले ही उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज 1-1 से ड्रॉ खेली, लेकिन हम अपनी अच्छी फॉर्म से आश्वस्त हैं। हमने सकारात्मक माहौल तैयार किया है। हमने इंग्लैंड में अच्छा प्रदर्शन किया और वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत हासिल की।’’ सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया और वह 23 विकेट लेकर सीरीज में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और दो मैचों में 10 विकेट लिए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं अच्छी लय के साथ गेंदबाजी कर रहा हूं और इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश कर रहा हूं। मजबूत टीमों का सामना करने से उन क्षेत्रों की पहचान करने में मदद मिलती है जिनमें सुधार की जरूरत है और मैं इस चुनौती के लिए वास्तव में काफी उत्साहित हूं।’’  

धोनी के संन्यास की खबर और IPL ट्रेड ड्रील अपडेट: संजू की कप्तानी पर सवाल

 मुंबई  इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए मिनी ऑक्शन 15 दिसंबर को आयोजित किया जा सकता है. इस ऑक्शन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच होने वाली संभावित ट्रेड डील की चर्चा जोरों पर है. रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ट्रेड होकर सीएसके में शामिल हो सकते हैं. इसके बदले सीएसके से रवींद्र जडेजा और सैम करन रॉयल्स में जा सकते हैं. पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स संजू सैमसन को अपना अगला कप्तान देख रही है, जो इस ट्रेड डील के पीछे की मुख्य वजह है. यह भी माना जा रहा है कि महेंद्र सिंह धोनी का ये आखिरी आईपीएल सीजन होगा. उसके बाद संजू सीएसके के विकेटकीपर की भी भूमिका संभालेंगे. पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स सिर्फ विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन को नहीं ला रही, बल्कि टीम उन्हें भविष्य के कप्तान के रूप में देख रही है. उन्होंने कहा कि जिस तरह रवींद्र जडेजा को ट्रेड के जरिए राजस्थान रॉयल्स में भेजा जा सकता है, वह संकेत दे रहा है कि सीएसके संजू को कप्तानी सौंपने की तैयारी कर रही है. कैफ ने यहां तक कहा कि धोनी आईपीएल 2026 के बीच में ही संन्यास ले ले सकते हैं और संजू को तुरंत बागडोर सौंपी जा सकती है. यानी ऋतुराज गायकवाड़ से कप्तानी ली जा सकती है इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए मिनी ऑक्शन से पहले रवींद्र जडेजा और संजू सैमसन को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है. कहा जा रहा है कि राजस्थान रॉयल्स (RR) अपने कप्तान संजू को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के स्टार ऑलराउंडर्स जडेजा और सैम करन के बदले ट्रेड कर सकती है. हालांकि ये सिर्फ अभी अफवाह है और आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है. खिलाड़ियों के ट्रेड के लिए विंडो आईपीएल 2025 की समाप्ति के एक महीने बाद ही खुल गई थी. आईपीएल के मिनी ऑक्शन से एक हफ्ते पहले तक यह विंडो ओपन रहेगी. फिर मिनी ऑक्शन के बाद यह विंडो दोबारा खोली जाएगी और आईपीएल 2026 की शुरुआत से एक महीने पहले बंद होगी. आईपीएल में ट्रेडिंग विंडो साल 2009 में शुरू हुई थी. हर ट्रेड के लिए आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल की मंजूरी जरूरी होती है. आईपीएल में ट्रेड दो प्रकार के होते हैं. पहला है वन-वे ट्रेड, जिसमें एक खिलाड़ी टीम A से टीम B में सिर्फ पैसों के बदले जाता है. इस ट्रेड में टीम B जहां खिलाड़ी को खरीदती है, वहीं टीम A को पूरी रकम मिलती है. टीम A को कोई खिलाड़ी वापस नहीं मिलता. उदाहरण के लिए मुंबई इंडियंस (MI) ने हार्दिक पंड्या को 15 करोड़ रुपये में गुजरात टाइटन्स (GT) से अपनी टीम में लिया था. लेकिन गुजरात को मुंबई की ओर से कोई खिलाड़ी वापस नहीं मिला. धोनी बीच में ही टीम छोड़ देंगे: कैफ मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'दोनों (धोनी और जडेजा) 2008 से आईपीएल खेल रहे हैं. जब से जडेजा सीएसके में गए हैं, वो इस टीम से बने हुए हैं. अगर यह ट्रेड सफल रहा, तो यह धोनी का आखिरी सीजन होगा. यह भी संभावना है कि धोनी बीच में ही टीम छोड़ दें. अगर संजू टीम में शामिल हो जाते हैं, तो वह मैनेजमेंट और धोनी के साथ सहज हो जाएंगे. ऐसे में धोनी संजू को टीम की कमान संभालने के लिए कह सकते हैं. वो जडेजा को छोड़ रहे हैं, जो सालों से उनके लिए मैच विनर रहे हैं. लेकिन उन्हें एक भविष्य के कप्तान की जरूरत है.' मोहम्मद कैफ आगे कहते हैं, 'उन्होंने जडेजा को भी कप्तान बनाया था, लेकिन वह चीजों को मैनेज नहीं कर पाए. उन्हें नेतृत्व करना पसंद नहीं था.  बीच सीजन में उन्होंने कहा कि वह कप्तानी छोड़ रहे हैं. सभी खिलाड़ी आईपीएल में कप्तानी नहीं कर सकते. दीर्घकालिक योजना को ध्यान में रखते हुए धोनी जडेजा की जगह एक ऐसे खिलाड़ी को लाना चाहते हैं, जो कप्तानी संभाल सके.' महेंद्र सिंह धोनी की इच्छा चेन्नई में अपना आखिरी आईपीएल मैच खेलने की है. धोनी ने आईपीएल 2021 में ये बात कही थी. फिर धोनी ने 2022, 2023, 2024, 2025 सीजन में भी भाग लिया. अब वो अगले सीजन की तैयारी में जुटने वाले हैं. सामान्य स्थितियों में सीएसके कभी जडेजा को नहीं छोड़ती. लेकिन जडेजा भी अब करियर के आखिरी चरण में पहुंच रहे हैं. सीएसके को अब अगले 5-6 सालों के लिए टीम तैयार करनी है. दूसरा है टू-वे ट्रेड, जिसमें फ्रेंचाइजी टीम्स आपस में खिलाड़ी बदलती हैं. अगर दोनों खिलाड़ियों की कीमत अलग-अलग है, तो रकम में जितना अंतर होता है, उतनी रकम एक टीम दूसरी टीम को देती है. यानी खिलाड़ियों की अदला-बदली तो होती ही है, साथ ही कैश एडजस्टमेंट भी होता है. क्या खिलाड़ी की सहमति जरूरी है? किसी भी खिलाड़ी को उसकी मर्जी के बिना ट्रेड नहीं किया जा सकता. इसके लिए खिलाड़ी की लिखित सहमति लेना अनिवार्य है. उदाहरण के लिए हार्दिक पंड्या ने खुद मुंबई इंडियंस में लौटने की इच्छा जताई थी, उसके बाद ही ट्रेड की प्रक्रिया शुरू हुई थी. अगर फ्रेंचाइजी टीम खिलाड़ी को छोड़ना नहीं चाहती, तो भी ट्रेड नहीं हो सकता. जडेजा को क्यों बैन किया गया था? साल 2010 में रवींद्र जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स के साथ नया कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं किया और मुंबई इंडियंस से सीधे बातचीत शुरू कर दी थी. यह आईपीएल में ट्रेड नियमों का उल्लंघन था, इसलिए उन्हें 1 सीजन के लिए सस्पेंड किया गया था. यानी खिलाड़ी तभी ट्रेड के लिए दूसरी टीम से बातचीत कर सकता है, जब उसकी टीम तैयार हो. ट्रांसफर फीस क्या होती है? ट्रांसफर फीस वह अतिरिक्त रकम है, जो एक फ्रेंचाइजी टीम किसी खिलाड़ी को खरीदने के दौरान दूसरी फ्रेंचाइजी टीम को देती है. यह प्लेयर प्राइस से अलग होती है. यह राशि ऑक्शन पर्स पर असर नहीं डालती. यह दोनों टीमों की आपसी सहमति से तय होती है. इसकी जानकारी सिर्फ आईपीएल और संबंधित फ्रेंचाइजी टीम्स को रहती है. खिलाड़ी को ट्रांसफर फीस में हिस्सा मिलता है? खिलाड़ी को ट्रांसफर फीस का 50 प्रतिशत तक मिल सकता है, लेकिन इसकी कोई गारंटी नहीं होती है. यह खिलाड़ी और टीम के

इंग्लैंड दौरे को लेकर शमी पर खुलासा, BCCI ने बताया असली कारण

नई दिल्ली  मैदान पर गिरती हर पसीने की बूंद इस बात की गवाही दे रही है कि शमी वापसी के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे है , मोहम्मद शमी ने मौजूदा रणजी ट्रॉफी में 93 ओवर गेंदबाजी कर ली है लेकिन भारत के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में से एक का दोबारा टेस्ट क्रिकेट में खेलना मुश्किल लग रहा है और उनकी वनडे टीम में भी नीली जर्सी पहनने की संभावना कम ही दिख रही है. 35 वर्षीय तेज गेंदबाज ने भारत की तरफ से अपना आखिरी मैच इस साल मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी में खेला था लेकिन उसके बाद से उन्हें किसी भी प्रारूप की टीम में नहीं चुना गया. वह 2023 में वनडे विश्व कप के बाद एड़ी की चोट के कारण लंबे समय तक खेल से बाहर रहे थे. उन्हें इस चोट से निजात पाने के लिए सर्जरी करानी पड़ी थी. वर्तमान समय में भारतीय क्रिकेट जिस दिशा में आगे बढ़ रहा है उसे देखते हुए ऐसी संभावना नहीं लगती है कि शमी तीनों प्रारूपों में अब तक खेले गए 197 अंतरराष्ट्रीय मैचों में और मैच जोड़ पाएंगे। क्या शमी ने इंग्लैंड जाने से किया था इंकार?  शमी राष्ट्रीय चयनकर्ताओं से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं और उन्होंने खुलकर कहा है कि चयनकर्ताओं ने उनसे कोई बातचीत नहीं की है. हलांकि भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सूत्र हालांकि ऐसा नहीं मानते हैं. बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि  ‘‘कई बार ऐसा हुआ है कि राष्ट्रीय चयनकर्ता और बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के सहयोगी स्टाफ ने शमी का हालचाल जानने के लिए फोन किया है.  चयन समिति इंग्लैंड में उनकी सेवाएं लेने के लिए बेताब थी, क्योंकि जसप्रीत बुमराह तीन टेस्ट से ज्यादा नहीं खेल पाए थे. इंग्लैंड की परिस्थितियों में कौन उनके स्तर का गेंदबाज नहीं चाहेगा. उनका इशारा इस साल की शुरुआत में भारत द्वारा 2-2 से ड्रॉ की गई श्रृंखला की ओर था. क्या सच में फिट नहीं है शमी? चयन समिति के एक वरिष्ठ सदस्य ने शमी को कई संदेश भेजकर उनकी फिटनेस के बारे में पूछताछ की और उनसे कैंटरबरी या नॉर्थम्पटन में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ भारत ए की तरफ से कम से कम एक मैच खेलने का अनुरोध किया. इसका उद्देश्य यह पता करना था कि शमी इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला में खेलने के लिए पूरी तरह से फिट हैं या नहीं. ऐसा समझा जाता है कि इस तेज गेंदबाज ने जवाब दिया कि उन्हें अभी भी अपना कार्यभार बढ़ाना है और इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला के लिए उनके नाम पर विचार नहीं किया जाना चाहिए. वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘इसलिए यह कहना कि शमी से कोई बातचीत नहीं हुई, पूरी तरह सच नहीं है.  चिकित्सा टीम के पास उनकी मेडिकल रिपोर्ट भी है और यह भी देखना है कि उनका शरीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की कठिनाइयों को झेलने में सक्षम है या नहीं. इस समय शमी को लग सकता है कि वह 50 ओवर के क्रिकेट के लिए तैयार हैं, लेकिन वह इस भूमिका के लिए उपयुक्त हैं या नहीं, इसका फैसला केवल राष्ट्रीय चयनकर्ता ही कर सकते हैं. शीर्ष स्तर की क्रिकेट में खेलने के लिए शमी की फिटनेस को लेकर भी कुछ सवाल हैं क्योंकि उन्हें टेस्ट क्रिकेट में लंबे स्पैल करने पड़ सकते हैं जबकि वर्तमान समय में वह रणजी ट्रॉफी में अधिकतर छोटे स्पैल में गेंदबाजी कर रहे हैं.

गंभीर की चेतावनी: टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम में दिख रही है कमी

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने स्वीकार किया कि उनकी टीम अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के मामले में अभी उस स्थिति में नहीं है जहां वह पहुंचना चाहती है लेकिन उन्होंने इसके साथ ही कहा कि इस मुकाम पर पहुंचने के लिए टीम के पास अभी पर्याप्त समय है। गंभीर ने बीसीसीआई टीवी से बातचीत में फिटनेस के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने 46 सेकंड की क्लिप में कहा, ‘‘यह एक ऐसा ड्रेसिंग रूम है जहां बहुत अधिक पारदर्शिता और ईमानदारी है तथा हम चाहते हैं कि यह ड्रेसिंग रूम आगे भी ऐसा ही बना रहे। मुझे लगता है कि हम अभी भी उस स्थिति में नहीं हैं जहां हम टी20 वर्ल्ड कप तक पहुंचना चाहते हैं।’’ इस क्लिप के बाद पूरा साक्षात्कार बाद में प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद है कि खिलाड़ियों को फिट रहने का महत्व पता चल जाएगा। हमारे पास उस स्तर पर पहुंचने के लिए अभी भी तीन महीने हैं, जहां हम पहुंचना चाहते हैं।‘‘ टी20 वर्ल्ड कप अगले साल फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा। भारत इस टूर्नामेंट का मौजूदा चैंपियन है। गंभीर ने इसके साथ ही खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का अच्छी तरह से अहसास कराने और उन्हें समझने के लिए उनके सामने मुश्किल चुनौतियों को रखने की बात भी दोहराई। उन्होंने कहा, ‘‘हम खिलाड़ियों के सामने जितना संभव हो सके उतनी कड़ी चुनौती रखते हैं। हमने शुभमन (गिल) के साथ भी यही किया था, जब उन्हें टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया था।‘‘ गिल ने कप्तान के रूप में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी पहली टेस्ट सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की। उनकी अगुवाई में भारतीय टीम ने सीरीज 2-2 से बराबर की। इस सीरीज के सभी मैच रोमांचक रहे और प्रत्येक मैच पांचवें दिन तक खिंचा।  

एशिया कप विवादित ट्रॉफी मामले के बाद, ACC 2 नए टूर्नामेंट की योजना बना रहा है

नई दिल्ली एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी एसीसी ने दोहा में आयोजित हुई एक मीटिंग में कुछ बड़े फैसले लिए हैं। एसीसी के चीफ मोहसिन नकवी हैं, जिन्हें ट्रॉफी चोर कहा जा रहा है, क्योंकि एशिया कप 2025 की चैंपियन बनी भारतीय टीम को अभी तक ट्रॉफी नहीं मिली है। एशिया कप ट्रॉफी के विवाद के बीच एशियन क्रिकेट काउंसिल ने और अधिक एशियाई टूर्नामेंट आयोजित करने का फैसला किया है। इसमें लीजेंड ऑफ एशिया इवेंट और सहयोगी सदस्यों के बीच एक लीग शामिल है। इनमें से कुछ आयोजन ओमान और दोहा में होंगे, जहां हाल ही में क्रिकेट की बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ है। एसीसी के एक प्रवक्ता ने टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट को बताया कि नए आयोजनों का निर्णय इस वर्ष सितंबर में संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित एशिया कप की सफलता से प्रेरित होकर लिया गया है। प्रवक्ता ने 14 से 23 नवंबर तक दोहा में होने वाले आठ देशों के टी20 आयोजन का जिक्र करते हुए कहा, “एसीसी के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में राइजिंग स्टार्स एशिया कप, जिसे पहले इमर्जिंग एशिया कप के नाम से जाना जाता था, उसकी व्यवस्थाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया।” दोहा में अपग्रेड की गई सुविधाओं ने इस निर्णय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूत्र ने बताया, "एशिया कप के दर्शकों की संख्या उम्मीद से बढ़कर रही, जिससे एसीसी बोर्ड को लीजेंड ऑफ एशिया इवेंट और एसीसी के सहयोगी सदस्यों के बीच एक लीग आयोजित करने के लिए प्रोत्साहन मिला।" नकवी ने एसीसी प्रबंधन को इन आयोजनों के लिए एक व्यापक योजना बनाने का निर्देश दिया है। बैठक के बाद नकवी ने कहा, "हमें नए एशियाई देशों में क्रिकेट को बढ़ावा देने की जरूरत है और एसीसी इन प्रयासों का पूरा समर्थन करेगा।" राइजिंग स्टार्स एशिया कप में इंडिया और पाकिस्तान के बीच भी मुकाबला है, जो 14 नवंबर को खेला जाएगा। इसी ग्रुप में ओमान और यूएई की टीम भी शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और हांगकांग अन्य भाग लेने वाली टीमें हैं। अब सवाल ये भी कि क्या इस बार भी भारत का वही रुख होगा, जो एशिया कप के मुख्य इवेंट में था, क्योंकि फाइनल में यहां भी ट्रॉफी मोहसिन नकवी देंगे। अगर भारत जीतता है तो क्या ट्रॉफी अभी भी इंडिया ए टीम उनसे नहीं लेगी?

भारतीय क्रिकेट में नया इतिहास: आकाश कुमार चौधरी ने फर्स्ट क्लास फिफ्टी की रफ्तार से सबको पीछे छोड़ा

 सूरत मेघालय के क्रिकेटर आकाश कुमार चौधरी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है. अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी प्लेट-ग्रुप मैच के दौरान आकाश ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट और रणजी ट्रॉफी के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा. सूरत के पिठवाला स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में आकाश ने सिर्फ 11 गेंदों पर फिफ्टी पूरी कर ली. आकाश की तूफानी पारी की बदौलत मेघालय ने अपनी पहली पारी 628/6 के स्कोर पर घोषित की. आकाश कुमार चौधरी ने वेन व्हाइट का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा. व्हाइट ने साल 2012 में एसेक्स के खिलाफ लीसेस्टरशायर की ओर से खेलते हुए 12 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की थी. आकाश ने 14 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए, जिसमें 8 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे. आकाश ने इस दौरान 126वें ओवर में लिमर डाबी की सभी 6 गेंदों पर छक्के लगाए. इसके बाद आकाश ने जो अगली दो गेंदें खेलीं, उसे भी छक्के के लिए भेजा. आकाश ऐसे पहले क्रिकेटर हैं, जिन्होंने फर्स्ट क्लास मैच में लगातार आठ गेंदों पर छक्के लगाए. रणजी ट्रॉफी के इतिहास में ऐसा दूसरा मौका है, जब किसी खिलाड़ी ने एक ओवर लगातार छह छक्के लगाए. इससे पहले 1984-85 में रवि शास्त्री ने तिलक राज के खिलाफ ऐसा किया था. प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कुल मिलाकर यह तीसरा मौका है, जब एक ओवर में किसी बैटर ने लगातार छह छक्के जड़े. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी (गेंदों के हिसाब से) 11- आकाश कुमार चौधरी, मेघालय अरूणाचल प्रदेश, सूरत, 2025 12- वेन व्हाइट, लीसेस्टरशायर vs एसेक्स, लीसेस्टर, 2012 13- वैन वुरेन, ईस्टर्न प्रोविंस B vs ग्रिक्वालैंड वेस्ट, क्रैडॉक, 1984/85 14- नेड एकर्सली, लीसेस्टरशायर vs एसेक्स, लीसेस्टर, 2012 15- खालिद महमूद, गुजरांवाला vs सरगोधा, गुजरांवाला, 2000/01 15- बंदीप सिंह, जम्मू एवं कश्मीर vs त्रिपुरा, अगरतला, 2015/16 मेघालय के लिए पहली पारी में अर्पित भटेवरा ने सबसे ज्यादा 273 गेंदों पर 207 रन बनाए, जिसमें 23 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. राहुल दलाल और कप्तान किशन लिंगदोह ने भी शतकीय योगदान दिया. राहुल ने 12 चौके और 9 छक्के की सहायता से 102 बॉल पर 144 रन बनाए. वहीं लिंगदोह ने 187 बॉल पर 119 रन बनाए. लिंगदोह की इनिंग्स में 14 चौके के अलावा एक सिक्स शामिल रहा. अरुणाचल के लिए टीएनआर मोहित ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके. आकाश चौधरी का कैसा है करियर? आकाश कुमार चौधरी ने अब तक 31 फर्स्ट क्लास, 28 लिस्ट-ए और 30 टी20 मुकाबले खेले हैं. दाएं हाथ के ऑलराउंडर आकाश ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 553 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल रहे. वहीं उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए 87 विकेट भी झटके हैं. 25 साल के आकाश कुमार चौधरी के नाम पर लिस्ट ए क्रिकेट में 203 रन (15.61 औसत, 1 फिफ्टी) और 37 विकेट (29.24 एवरेज) दर्ज हैं. टी20 मैचों में आकाश ने 107 रन (10.70 एवरेज) बनाए और 28 विकेट (26.25 औसत) अपने नाम किए हैं.