अवैध महुआ शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन मकानों से 45 लीटर शराब जब्त
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में 4 नवंबर 2026 को विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन आरोपियों के रिहायशी मकानों से कुल 45 लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देश तथा प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी श्री योगेश्वर कुमार द्विवेदी के विशेष मार्गदर्शन में की गई।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई थाना अकलतरा क्षेत्र के कोटमीसोनार सबरिया डेरा में की गई। यहां कृष्णा गोंड़ (21 वर्ष), पिता भुजबल गोंड़ के रिहायशी मकान से 20 लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई।
वहीं दूसरी कार्रवाई कोटमीसोनार वार्ड क्रमांक 18 में की गई, जहां राजकुमार गोंड़ (21 वर्ष), पिता भरत गोंड़ के मकान से 18 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। इसी तरह तीसरी कार्रवाई थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम पकरिया में की गई। यहां संगीत कुमार (26 वर्ष), पिता मनीराम, के रिहायशी मकान से 7 लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई।
तीनों मामलों में कुल 45 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त करते हुए आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण कायम किया गया है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक एवं अकलतरा वृत्त प्रभारी दीपक सिंह ठाकुर, आबकारी उपनिरीक्षक विकास पाल, सांडेयीवरेश कुमार, मनीष साहू, विजयेंद्र टंडन, जिला उड़नदस्ता प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक गुलशन साहू, देवेंद्र तांडे सहित मुख्य आरक्षक राजेश पांडेय, मुकेश शर्मा, विमल सनाढ्य तथा आरक्षक गीता कमल, शीतला, अंशु पाटनवार, रितेश गुप्ता, किशन एवं नगर सेना के जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।






