स्कूल-कॉलेज के युवाओं को चिट्टा बेचने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश, 13 आरोपी गिरफ्तार
स्कूल-कॉलेज के युवाओं को चिट्टा बेचने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश, 13 आरोपी गिरफ्तार दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 70.460 ग्राम हेरोइन सहित 39.95 लाख रुपये की सामग्री जब्त; 11 आरोपी और 2 अपचारी बालक शामिल भिलाई/दुर्ग। स्कूल-कॉलेज के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलकर अवैध कारोबार संचालित करने वाले हेरोइन (चिट्टा) नेटवर्क के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खुर्सीपार पुलिस ने लगातार जांच और पतासाजी करते हुए इस नेटवर्क से जुड़े 11 वयस्क आरोपियों और 2 अपचारी बालकों सहित कुल 13 लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन, नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और हुंडई आई-20 कार सहित कुल 39 लाख 95 हजार 800 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले की शुरुआत 19 सितंबर 2026 को हुई, जब थाना खुर्सीपार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जोन क्रमांक-03, जीरो स्ट्रीट, खुर्सीपार स्थित जसबीर कौर के मकान में अवैध रूप से हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला जसबीर कौर उर्फ सोनू को पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत करीब 14 लाख 9 हजार 200 रुपये बताई गई है, बरामद की। इसके अलावा चिट्टा बिक्री की 2 लाख 35 हजार 100 रुपये नकद राशि, 19 नग सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण एवं बर्तन, 8 मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किए गए। इस शुरुआती कार्रवाई में करीब 29 लाख 22 हजार 300 रुपये की सामग्री बरामद हुई थी। मामले में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(ख), 27(क), 29 तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 78 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेण्डम कथनों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की। इसके बाद अलग-अलग चरणों में लगातार गिरफ्तारियां की गईं। 19 सितंबर को प्रारंभिक कार्रवाई में आरोपियों एवं दो अपचारी बालकों को पकड़ा गया। 24 सितंबर को गुरमीत सिंह उर्फ लक्की और हेमंत दयाल उर्फ राजू, जबकि 6 अक्टूबर को आशीष कुमार शाह उर्फ कुक्कन को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मनजी कुमार, रॉबी सिंह और ऋषि देव कुमार साहनी उर्फ ऋषि बाबा सहित अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। 24 नवंबर को दो और आरोपी गिरफ्तार, 10.73 लाख की सामग्री जब्त कार्रवाई के ताजा चरण में 24 नवंबर 2026 को पुलिस ने रबेल सिंह (26 वर्ष), निवासी गोकुल नगर, अटल आवास, जामुल और गौरव अहिरवार (21 वर्ष), निवासी बाबादीप सिंह नगर, थाना वैशाली नगर को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चिट्टा बिक्री की 3,500 रुपये नकद राशि, मोटोरोला और ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन, हुंडई आई-20 कार क्रमांक CG-07-BG-6740 तथा फाइल पेपर रोल जब्त किए गए। इनकी कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 73 हजार 500 रुपये बताई गई है। नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर पुलिस की नजर पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी कथित रूप से हेरोइन (चिट्टा) की अवैध खरीद-बिक्री कर आर्थिक लाभ अर्जित करने के लिए नेटवर्क संचालित कर रहे थे। शुरुआती कार्रवाई में मुख्य आरोपी महिला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूछताछ, मेमोरेण्डम कथनों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंच बनाई और क्रमशः गिरफ्तारियां कीं। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 70.460 ग्राम हेरोइन, 2 लाख 38 हजार 600 रुपये नकद, 19 नग सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण एवं बर्तन, 10 मोबाइल फोन, एक हुंडई आई-20 कार और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 39 लाख 95 हजार 800 रुपये आंकी गई है। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अभिभावकों से दुर्ग पुलिस की अपील दुर्ग पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों और संगति पर विशेष ध्यान दें। आसपास यदि कोई व्यक्ति मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करता है या युवाओं को नशे की ओर धकेलता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस कार्रवाई में थाना खुर्सीपार के थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवंट, विवेचना अधिकारियों एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अवैध शराब बिक्री पर सरकंडा पुलिस की कार्रवाई, 33 पाव शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
अवैध शराब बिक्री पर सरकंडा पुलिस की कार्रवाई, 33 पाव शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार प्रभात चौक में घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी, 5.940 लीटर शराब जब्त; कीमत करीब 3,800 रुपये बिलासपुर। शहर में अवैध शराब की बिक्री और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सरकंडा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने प्रभात चौक क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए रखे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गोवा स्पेशल और यूनिक देशी मसाला ब्रांड की कुल 33 पाव शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.940 लीटर और अनुमानित कीमत 3,800 रुपये बताई गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को थाना सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रभात चौक क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से बिक्री करने के उद्देश्य से शराब रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मौके पर घेराबंदी करते हुए दबिश दी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में शराब रखे मिला। पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपक खटिक (35 वर्ष), पिता कोमल खटिक, निवासी टिकरापारा मोची मोहल्ला, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से गोवा स्पेशल के 25 पाव, कुल 4.500 लीटर तथा यूनिक देशी मसाला के 8 पाव, कुल 1.440 लीटर शराब बरामद हुई। इस तरह पुलिस ने कुल 33 पाव यानी 5.940 लीटर शराब जब्त की। पुलिस द्वारा आरोपी से शराब रखने और बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज एवं लाइसेंस मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर विधिवत सीलबंद किया और आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने आरोपी को 21 नवंबर 2026 की शाम 7:22 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में की गई। सरकंडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
सार्वजनिक स्थान पर बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा युवक गिरफ्तार
सार्वजनिक स्थान पर बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा युवक गिरफ्तार डीएलएस चौक पर सरकंडा पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के कब्जे से लोहे का बटनदार चाकू बरामद; आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज बिलासपुर। शहर में अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों में भय का माहौल पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सरकंडा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हाथ में बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा था। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर उसे हथियार सहित पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक नरेश कुमार चौहान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डीएलएस चौक क्षेत्र में एक युवक हाथ में चाकू लेकर सार्वजनिक स्थान पर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान दशरथ साहु (22 वर्ष), पिता दिनेश साहु, निवासी पानी टंकी के पास, अशोक नगर, 26 नंबर ब्लॉक, सरकंडा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से काले रंग का लोहे का एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में हथियार को विधिवत जब्त कर लिया। मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1715/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया। प्रकरण अजमानतीय प्रकृति का होने के कारण आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में की गई। सरकंडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने और शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ऑपरेशन प्रहार: 28 टन लोहे के कबाड़ से भरा ट्रक पकड़ा, 9 लाख का माल जब्त
ऑपरेशन प्रहार: 28 टन लोहे के कबाड़ से भरा ट्रक पकड़ा, 9 लाख का माल जब्त लाखा केलो डेम के पास कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, कबाड़ परिवहन के दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार और चोरी की संपत्ति के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली पुलिस ने लाखा केलो डेम के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 टन लोहे के कबाड़ से भरा ट्रक पकड़ा है। जब्त कबाड़ की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक सहित कबाड़ जब्त कर चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध रूप से कबाड़ परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस की टीम ने लाखा केलो डेम के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक क्रमांक RJ 02 GB 1654 को रोककर जांच की। वाहन चालक अब्दुल वहाब (50 वर्ष), पिता अब्दुल मुनाब, निवासी गदियामेश, थाना हकलेरा, जिला झालावाड़, राजस्थान से ट्रक में लोड सामान के संबंध में पूछताछ की गई। इस दौरान चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। संदेह होने पर पुलिस ने तिरपाल से ढके ट्रक की तलाशी ली, जिसमें लोहे के टुकड़े और टीन का सामान भरा हुआ मिला। कबाड़ के परिवहन एवं स्वामित्व से संबंधित संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पूरे सामान का वजन कराया। जांच में ट्रक में कुल 28 टन लोहे का कबाड़ पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने ट्रक सहित पूरा कबाड़ जब्त कर चालक के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 08/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की है। अवैध कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर इस कार्रवाई को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध कबाड़ के कारोबार और चोरी की संपत्ति के परिवहन पर रायगढ़ पुलिस की लगातार निगरानी है। ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से कबाड़ के अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
मारपीट और चाकूबाजी के फरार आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित
मारपीट और चाकूबाजी के फरार आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित खरसिया बस स्टैंड के पास युवक पर किया था हमला, आरोपी की तलाश में पुलिस की लगातार दबिश रायगढ़। खरसिया बस स्टैंड के पास युवक के साथ मारपीट और चाकूबाजी की घटना में शामिल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रायगढ़ पुलिस ने इनाम घोषित किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद की गिरफ्तारी में सहयोग करने अथवा उसकी जानकारी देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की बात कही गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खरसिया बस स्टैंड के पास युवक के साथ मारपीट और चाकूबाजी की घटना को लेकर आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद और उसके एक अन्य साथी के विरुद्ध थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 569/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 109, 118(1) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद घटना के बाद से फरार है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लुक-छिप रहा है। फरार आरोपी की पहचान फैज खान उर्फ फैजान अहमद, पिता मुस्ताक खान, उम्र 25 वर्ष, निवासी सिविल लाइन खरसिया, चौकी खरसिया, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी ने इनाम की उद्घोषणा जारी की है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा तथा उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इन नंबरों पर दे सकते हैं सूचना उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़ – 9479193200 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रायगढ़ – 9479193201 एसडीओपी, खरसिया – 9479193205 चौकी प्रभारी, खरसिया – 9479193228 पुलिस नियंत्रण कक्ष, रायगढ़ – 9479193299 रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है। पुरस्कार के संबंध में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ का निर्णय अंतिम होगा।
सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार
सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार टीवी, होम थिएटर और घरेलू सामान चोरी; पुलिस ने चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की जब्त जांजगीर-चांपा। जिले में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने विद्या नगर स्थित एक सूने मकान का ताला और दरवाजे की कुंडी तोड़कर टीवी, होम थिएटर, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान एवं मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विद्या नगर जांजगीर निवासी मोंगरा बाई ने थाना जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ कोरबा में भी रहती हैं और बीच-बीच में जांजगीर स्थित अपने मकान में आती-जाती रहती हैं। 20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने पुत्र के साथ मकान में ताला लगाकर कोरबा चली गई थीं। इसके बाद 23 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे जब वह वापस लौटीं, तो मकान के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली। घर के अंदर जाकर देखने पर टीवी, होम थिएटर, बर्तन एवं अन्य घरेलू सामान गायब थे। अज्ञात चोर मकान का ताला और कुंडी तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जांजगीर पुलिस ने अपराध क्रमांक दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संदेही की पतासाजी की। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संतोष कुमार विश्वकर्मा (26 वर्ष), निवासी सिवनी करवार पारा, थाना चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी किए गए सामान और मोटरसाइकिल को जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इनकी रही सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में एसआई दिलीप सिंह, पीएसआई दिव्या सिंह, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, आरक्षक दिलीप सिंह सहित थाना जांजगीर के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। जांजगीर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है।
डायल-112 वाहन में टक्कर मार पुलिसकर्मियों से की मारपीट, सात आरोपी गिरफ्तार
डायल-112 वाहन में टक्कर मार पुलिसकर्मियों से की मारपीट, सात आरोपी गिरफ्तार शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; सभी आरोपियों ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में डायल-112 की पुलिस टीम के साथ मारपीट, गाली-गलौज और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। प्रकरण में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। सभी आरोपियों ने 23 नवंबर को नवागढ़ न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 नवंबर 2026 की रात लगभग 10:17 बजे की है। थाना नवागढ़ की डायल-112 टीम को लिंगवा रोड पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दुर्घटना में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ ले जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे थार वाहन क्रमांक CG 11 BS 3187 के चालक ने डायल-112 वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद जब पुलिसकर्मी वाहन का निरीक्षण कर रहे थे, तभी थार चालक भावेश केशरवानी ने अपने चाचा भुनेश्वर केशरवानी सहित अन्य साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद सभी ने एकजुट होकर पुलिसकर्मियों का रास्ता रोक लिया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। डायल-112 टीम की रिपोर्ट पर नवागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 367/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 281, 296, 351(3), 115(2), 121(1), 132, 126(2), 221 एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल सभी सात आरोपियों ने 23 नवंबर को न्यायालय नवागढ़ में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मुख्य आरोपी पर जिला बदर की तैयारी मामले के मुख्य आरोपी भुनेश्वर केशरवानी के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कदम उठाने की तैयारी भी शुरू कर दी है। उसके खिलाफ गुण्डा-बदमाश की सूची में शामिल करने और जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दण्डाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यालय को प्रतिवेदन भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में भुनेश्वर केशरवानी, भावेश केशरवानी, राजू साहू, दीपक साहू, शुभम केशरवानी, राकेश चंद्रा एवं इतवारी खूंटे शामिल हैं। जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट जैसी घटनाओं से बचें। कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।
जनदर्शन में कलेक्टर जयश्री जैन ने सुनी आमजनों की समस्याएं, 13 आवेदन हुए प्राप्त
जनदर्शन में कलेक्टर जयश्री जैन ने सुनी आमजनों की समस्याएं, 13 आवेदन हुए प्राप्त अधिकारियों को आवेदनों का गंभीरता से और समय-सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश सक्ती, आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और उन्हें प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय में साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया गया। जनदर्शन में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती जयश्री जैन ने जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए नियमानुसार प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर आवेदकों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। जनदर्शन में विभिन्न प्रकार की समस्याएं और मांगें सामने आईं। तहसील भोथिया अंतर्गत ग्राम ठठारी निवासी श्रीमती सीता साहू ने छात्रवृत्ति पोर्टल का लॉक खोलने तथा पुनः आवेदन सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। वहीं तहसील चंद्रपुर के ग्राम चंद्रपुर निवासी श्रीमती लंबी सारथी ने आंगनबाड़ी सहायिका पद के आवेदन से संबंधित समस्या के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। त हसील मालखरौदा के ग्राम भठोरा निवासी श्री रघुवीर कुमार चंद्रा ने गांव में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए दुकान का संचालन किसी अन्य एजेंसी को सौंपने की मांग की। वहीं ग्राम भूतहा निवासी श्री अश्वनी कुमार वैष्णव ने एग्रीस्टेक पोर्टल में अपना नाम दर्ज कराने के संबंध में आवेदन दिया। इसके अतिरिक्त अन्य आवेदकों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि शासन की योजनाओं एवं प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच सके। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री नवीन भगत, अपर कलेक्टर श्री के.एस. पैंकरा सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अमलडीहा उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ, पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई खरीदी प्रक्रिया
अमलडीहा उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ, पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई खरीदी प्रक्रिया जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किसानों से धान खरीदी की शुरुआत, बड़ी संख्या में किसान एवं समिति पदाधिकारी रहे उपस्थित सक्ती, 23 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया के तहत विकासखंड डभरा के सेवा सहकारी समिति मर्यादित अमलडीहा, पंजीयन क्रमांक 1847 के अंतर्गत संचालित अमलडीहा उपार्जन केंद्र में सोमवार को धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं समिति पदाधिकारियों ने पूजा-अर्चना कर किसानों से धान खरीदी कार्य की शुरुआत की। धान खरीदी शुभारंभ कार्यक्रम में श्रीमती संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, समिति के प्राधिकृत अध्यक्ष पूनमचंद अग्रवाल, संस्था प्रबंधक मोहनलाल पटेल, समिति दर्री के प्राधिकृत अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, समिति मड़वा के प्राधिकृत अध्यक्ष तिलक माली विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा ग्राम पंचायत अमलडीहा के सरपंच कैशरी किशोर पाण्डेय, ग्राम पंचायत पेंडरुवा के सरपंच उग्रसेन सिदार सहित क्षेत्र के किसान एवं समिति से जुड़े सम्माननीय कृषकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात धान खरीदी कार्य प्रारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों ने किसानों के हित में धान खरीदी व्यवस्था को महत्वपूर्ण बताते हुए खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने पर जोर दिया। अमलडीहा उपार्जन केंद्र में धान खरीदी शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर उपस्थित किसानों ने खरीदी प्रक्रिया के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की।
सेवा सेतु बना आम लोगों का सहारा, महज 5 दिनों में मिले जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र
सेवा सेतु बना आम लोगों का सहारा, महज 5 दिनों में मिले जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र तेजप्रताप के बेटे की शिक्षा संबंधी जरूरतें हुईं आसान, शासन की ऑनलाइन सेवा व्यवस्था की सराहना जांजगीर-चांपा, 23 नवंबर 2026। शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल कारगर साबित हो रही है। इस व्यवस्था के माध्यम से अब लोगों को जरूरी शासकीय दस्तावेजों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। इसका उदाहरण ग्राम बगडबरी निवासी तेजप्रताप के मामले में देखने को मिला, जिन्हें महज पांच दिनों के भीतर अपने पुत्र के जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गए। जानकारी के अनुसार, तेजप्रताप को अपने पुत्र की शिक्षा एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने तहसील कार्यालय बलौदा स्थित सेवा सेतु केंद्र में आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद महज पांच दिनों के भीतर उन्हें तीनों महत्वपूर्ण प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिए गए। इससे उनके परिवार को बड़ी राहत मिली और बेटे की शिक्षा से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने का रास्ता आसान हो गया। तेजप्रताप ने सेवा सेतु केंद्र की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतने कम समय में तीनों प्रमाण पत्र मिल जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिना किसी परेशानी के महज पांच दिनों में सभी जरूरी दस्तावेज प्राप्त हो गए। उन्होंने इस सुविधाजनक व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। सेवा सेतु जैसी पहल शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे न केवल प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया आसान हो रही है, बल्कि लोगों के समय और अनावश्यक भागदौड़ की भी बचत हो रही है।