सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार
टीवी, होम थिएटर और घरेलू सामान चोरी; पुलिस ने चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की जब्त
जांजगीर-चांपा। जिले में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने विद्या नगर स्थित एक सूने मकान का ताला और दरवाजे की कुंडी तोड़कर टीवी, होम थिएटर, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान एवं मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विद्या नगर जांजगीर निवासी मोंगरा बाई ने थाना जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ कोरबा में भी रहती हैं और बीच-बीच में जांजगीर स्थित अपने मकान में आती-जाती रहती हैं। 20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने पुत्र के साथ मकान में ताला लगाकर कोरबा चली गई थीं। इसके बाद 23 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे जब वह वापस लौटीं, तो मकान के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली। घर के अंदर जाकर देखने पर टीवी, होम थिएटर, बर्तन एवं अन्य घरेलू सामान गायब थे। अज्ञात चोर मकान का ताला और कुंडी तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जांजगीर पुलिस ने अपराध क्रमांक दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संदेही की पतासाजी की। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संतोष कुमार विश्वकर्मा (26 वर्ष), निवासी सिवनी करवार पारा, थाना चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी किए गए सामान और मोटरसाइकिल को जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में एसआई दिलीप सिंह, पीएसआई दिव्या सिंह, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, आरक्षक दिलीप सिंह सहित थाना जांजगीर के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
जांजगीर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है।










