Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

कुनकुरी आत्महत्या प्रकरण में बड़ी कार्रवाई, युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला शादीशुदा प्रेमी गिरफ्तार

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। कुनकुरी थाना क्षेत्र में चर्चित आत्महत्या प्रकरण में जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए युवती को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में शादीशुदा युवक रविशंकर राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया है।

Advertisements

पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 की रात 22 वर्षीय युवती गुप्त रूप से थाना कुनकुरी परिसर में दाखिल हुई और परिसर में स्थित लगभग 70 फीट ऊंचे वायरलेस टावर पर चढ़कर अपने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहन जांच शुरू की।

Advertisements

जांच के दौरान मृतिका के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाली गई। जांच में सामने आया कि युवती और आरोपी रविशंकर राम के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि युवती ने आत्महत्या से पहले अपने दो परिचितों को आरोपी के साथ हुई घटनाओं के बारे में बताया था।

पूछताछ में आरोपी रविशंकर राम ने स्वीकार किया कि वह 25 मई को युवती को अपने साथ लेकर गया था। इस दौरान उसने युवती से कहा कि वह उसे पसंद नहीं करता और केवल समय बिताने के लिए मोबाइल पर बात करता था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि युवती ने आरोपी से कहा था कि यदि वह उसे अपने साथ नहीं रखेगा तो वह आत्महत्या कर लेगी। इसके बावजूद आरोपी ने कथित तौर पर युवती को आत्महत्या कर लेने की बात कह दी। घटना के बाद आरोपी युवती को कुनकुरी के एक चौक के पास छोड़कर चला गया था।

घटना से आहत युवती अगले दिन थाना परिसर पहुंची और वायरलेस टावर पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। जांच में आरोपी द्वारा युवती को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करना पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  • रविशंकर राम (28 वर्ष)
  • निवासी: बागगुड़ी, थाना दुलदुला, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़)

इस कार्रवाई में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी विनोद मण्डावी, उप पुलिस अधीक्षक भावेष कुमार समरथ, थाना प्रभारी राकेश यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button