```html ```

स्कूल जा रही नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, सकरी पुलिस ने भेजा जेल जय स्तंभ के पास हाथ और चुनरी पकड़कर की थी छेड़छाड़, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ा

 

 

स्कूल जा रही नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, सकरी पुलिस ने भेजा जेल
जय स्तंभ के पास हाथ और चुनरी पकड़कर की थी छेड़छाड़, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ा

 

बिलासपुर। स्कूल जाने के दौरान नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छात्रा का हाथ और चुनरी पकड़कर खींचने तथा परेशान करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी के बाद न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 1 नवंबर 2026 को थाना सकरी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव का रहने वाला आरोपी विजय ध्रुव आए दिन उसकी नाबालिग बेटी को परेशान करता था। जब भी छात्रा स्कूल जाने के लिए निकलती थी, आरोपी उसका हाथ पकड़कर खींचता, चुनरी खींचता और अभद्र बातें करता था। पड़ोसी होने के कारण परिजनों ने शुरुआत में मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन आरोपी की हरकतें लगातार जारी रहीं।
शिकायत के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे छात्रा स्कूल जा रही थी। इसी दौरान उस्लापुर जय स्तंभ के पास आरोपी ने उसे स्कूल जाने से रोकते हुए हाथ और चुनरी पकड़कर खींचा तथा छेड़छाड़ की। घटना से परेशान होकर छात्रा की मां ने पुलिस से शिकायत की।
मामले की गंभीरता और नाबालिग से संबंधित अपराध को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय ध्रुव (20 वर्ष), पिता प्रकाश ध्रुव, निवासी काटीखार, उस्लापुर, थाना सकरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1005/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना सकरी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने और नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *