```html ```
Breaking

 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये की लागत के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

चार गांवों में 1.20 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे महतारी सदन, महिलाओं को मिलेगा सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं गांवों के विकास और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही सरकार: मुख्यमंत्री श्री साय फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण के कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ये महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बनेंगे। यहां महिलाओं को एक साथ बैठकर विभिन्न गतिविधियों के संचालन, आपसी संवाद और स्वरोजगार से जुड़ी पहल को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से बनने वाले चार सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया। इन भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया। उन्होंने पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण भी किया। सड़क और पुलिया के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। हमारी सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि गांवों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीणों का जीवन अधिक सहज और सुविधाजनक बन सके। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण हमारी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ ही अब महतारी सदनों के जरिए उन्हें सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महतारी सदन केवल भवन नहीं, बल्कि गांव की माताओं-बहनों के लिए आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मनिर्भर बनने के नए अवसरों के केंद्र होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं गांवों के दैनिक जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और गांवों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद श्री रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, पूर्व विधायक श्री भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

चक्रवात से प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी राज्य सरकार : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी कलेक्टरों को फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के दिए निर्देश प्रभावित किसानों को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों एवं फसल बीमा योजना के अनुसार मिलेगी पात्र सहायता राशि   फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अकवान चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान को लेकर किसानों को आश्वस्त किया है कि राज्य सरकार हर प्रभावित किसान के साथ खड़ी है। किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। चक्रवात से हुई फसल क्षति का सर्वेक्षण कराकर सभी पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के अंतर्गत पात्रतानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिन किसानों की फसलें बीमित हैं, उन्हें संबंधित फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र बीमा दावा राशि दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

नक्सलवाद के साये से समृद्धि के उजाले तक, भारत मंडपम में दिखा नए छत्तीसगढ़ का नया चेहरा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय बोले, राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हुए शामिल भारत मंडपम में बिखरे छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के रंग, पारंपरिक नृत्यों ने बांधा समां राज्यपाल श्री रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में धूमधाम से मनाया गया छत्तीसगढ़ राज्य दिवस फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार की शाम छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के रंगों से सराबोर रही। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक समारोह में प्रदेश के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्यों और लोक संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। राज्यपाल श्री रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह ने राष्ट्रीय राजधानी में छत्तीसगढ़ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, समृद्ध जनजातीय परंपराओं और जीवंत लोक कलाओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की व्यापक संभावनाओं वाला राज्य है। प्रदेश में इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के अपार अवसर उपलब्ध हैं। नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश, रोजगार सृजन और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्यपाल ने देश-विदेश से आए उद्योगपतियों और निवेशकों से छत्तीसगढ़ की संभावनाओं का लाभ उठाने तथा प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कृषि आधारित उद्योगों तथा लघु वनोपज के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इन क्षेत्रों के विकास से स्थानीय लोगों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ की वास्तविक शक्ति यहां के मेहनतकश किसान, प्रतिभाशाली युवा, महिलाएं और कुशल शिल्पकार हैं। युवाओं को स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने के साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों और स्थानीय शिल्पकारों के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, हथकरघा और पर्यटन स्थलों में आर्थिक विकास तथा रोजगार सृजन की अपार संभावनाएं हैं। विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से छत्तीसगढ़ को आर्थिक रूप से समृद्ध, औद्योगिक रूप से सशक्त, सांस्कृतिक रूप से गौरवशाली और सामाजिक रूप से समरस राज्य बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। जिस बस्तर और छत्तीसगढ़ की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही प्रदेश अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, जीवंत लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश-दुनिया के सामने नई पहचान बना रहा है। भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में नजर आया छत्तीसगढ़ का स्वरूप इसी बदलते दौर की कहानी बयां कर रहा है। यहां परंपरा और आधुनिकता, विरासत और विकास तथा स्थानीय हुनर और आर्थिक संभावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यहां छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय विरासत और विकास की अनूठी झलक देखने को मिल रही है, जो प्रदेश की बदलती तस्वीर और नई पहचान को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और अनूठी लोक परंपराओं के लिए विशेष पहचान रखता है। प्रदेश की लोक संस्कृति हमारी अमूल्य धरोहर है, जिसे लोक कलाकारों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा जैसे लोक नृत्य छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन देश-विदेश के लोगों को छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, राज्य सभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री राकेश पाण्डेय, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज विशेष रूप से उपस्थित थे। भारत मंडपम के एम्फी थिएटर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण प्रदेश के लोक कलाकारों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सजे कलाकारों ने अपनी नृत्य मुद्राओं, लोक संगीत की मधुर धुनों और तालबद्ध प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को जीवंत कर दिया। मांदर, ढोल और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण में उत्सव का रंग भर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में गौर नृत्य के माध्यम से बस्तर की जनजातीय परंपराओं की झलक देखने को मिली, वहीं गौरा-गौरी नृत्य ने प्रदेश की लोक आस्था और परंपराओं से दर्शकों को परिचित कराया। भोजली नृत्य में छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति और प्रकृति के प्रति लोक आस्था की अभिव्यक्ति हुई। पारंपरिक वेशभूषा और विशिष्ट नृत्य शैली के साथ प्रस्तुत राउत नाचा ने प्रदेश की लोक परंपराओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। सुआ नृत्य की लयबद्ध प्रस्तुति में छत्तीसगढ़ की महिलाओं की लोक परंपराओं और सामूहिक सांस्कृतिक जीवन की झलक दिखाई दी। पंथी नृत्य के माध्यम से सतनामी समाज की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रदर्शन किया गया, जबकि करमा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने प्रकृति और सामूहिक उत्सव की भावना को जीवंत कर दिया। अलग-अलग अंचलों की इन लोक नृत्य शैलियों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया। कलाकारों की रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, लोक वाद्ययंत्र और सामूहिक नृत्य मुद्राएं दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। प्रत्येक प्रस्तुति के साथ छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं का

मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन समारोह बना आत्मीयता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव का अनूठा संगम

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशभर से आए विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, पद्मश्री विभूतियों, लोकतंत्र सेनानियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों से की आत्मीय मुलाकात शिक्षा, सेवा, साहित्य, संस्कृति, सामाजिक जागरण और आर्थिक क्षेत्र से जुड़े संगठनों की रही गरिमामयी उपस्थिति मुख्यमंत्री ने एक-एक टेबल पर पहुंचकर अतिथियों का जाना हालचाल, उनके अनुभव सुने और दीपावली की शुभकामनाएं दीं समाज के हर वर्ग की सहभागिता, सेवा और समर्पण से साकार होगा विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प : मुख्यमंत्री श्री साय फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में आज आयोजित दीपावली मिलन समारोह सामाजिक समरसता, आत्मीयता, सेवा भावना और सांस्कृतिक गौरव का अनूठा संगम बना। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पद्मश्री सम्मानित विभूतियों, विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों, लोकतंत्र सेनानियों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा शिक्षा, सेवा, साहित्य, संस्कृति, सामाजिक जागरण, सुरक्षा और आर्थिक क्षेत्र में सक्रिय संगठनों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष स्वरूप प्रदान किया। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह केवल शुभकामनाओं के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह समाज के विभिन्न क्षेत्रों में दशकों से समर्पित भाव से कार्य कर रहे लोगों के सम्मान, उनके अनुभवों को साझा करने और सामाजिक संबंधों को नई ऊर्जा देने का यादगार अवसर बना। समारोह में छत्तीसगढ़ की सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव, सेवा भावना और आपसी सद्भाव की सुंदर झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात करने और दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिए प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। वे स्वयं एक-एक टेबल पर पहुंचे और लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव सुने, विभिन्न संगठनों की गतिविधियों की जानकारी ली और समाज के लिए किए जा रहे उनके कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री के सहज, सरल और आत्मीय व्यवहार ने समारोह को औपचारिक आयोजन से आगे बढ़कर अपनत्व और पारिवारिक मिलन का स्वरूप प्रदान किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दीपावली का पर्व केवल प्रकाश और उल्लास का उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में समर्पित भाव से कार्य करने वाले लोगों से मिलना और उनके अनुभवों को जानना सदैव प्रेरणादायक होता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी शक्ति यहां के लोगों की सरलता, आत्मीयता, सामाजिक एकता और सेवा भावना है। समाज के विभिन्न वर्गों और संगठनों के सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश की गौरवशाली परंपराओं को सहेजते हुए विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है। विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों से आत्मीय मुलाकात, सामाजिक समरसता पर जोर दीपावली मिलन समारोह में जैन समाज, वैष्णव समाज, छत्तीसगढ़िया सोनार समाज सहित विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों और प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात की। इस अवसर पर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए तथा सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी विविधता में एकता और सामाजिक सद्भाव की समृद्ध परंपरा से है। विभिन्न समाजों की अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, परंपराएं और जीवन मूल्य हैं, जो मिलकर छत्तीसगढ़ की साझा संस्कृति को समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों का अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए अमूल्य है। सामाजिक संगठनों की सकारात्मक भूमिका से आपसी सहयोग, सद्भाव और जनसेवा की भावना को नई मजबूती मिलती है। समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लगभग चार दशक पूर्व से सक्रिय रहे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की विशेष उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री श्री साय ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात कर उनके अनुभवों और समाज जीवन में किए गए कार्यों के संबंध में चर्चा की। इस दौरान लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे कार्यकर्ताओं के बीच पुरानी स्मृतियां भी ताजा हुईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज और संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। दशकों तक निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ कार्य करने वाले वरिष्ठजनों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। लोकतंत्र सेनानियों से संवाद, उनके संघर्ष और योगदान को किया नमन दीपावली मिलन समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोकतंत्र सेनानियों ने भी मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीय संवाद किया और आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष तथा उनके अनुभवों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि लोकतंत्र भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। लोकतांत्रिक अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। सेवा संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा, जनसेवा के कार्यों की सराहना समारोह में आरोग्य भारती, राष्ट्रीय सेवा भारती, भारतीय कुष्ठ निवारक संघ सहित विभिन्न सेवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इन संगठनों द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता, रोग निवारण, जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक पुनर्वास और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सेवा हमारी संस्कृति का मूल भाव है। समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले संगठन सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा और वैचारिक संगठनों से संवाद, नई पीढ़ी के निर्माण में उनकी भूमिका को सराहा दीपावली मिलन समारोह में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय शिक्षण मंडल और विद्या भारती सहित शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने इन संगठनों के प्रतिनिधियों से शिक्षा, विद्यार्थी विकास, संस्कार, कौशल और नई पीढ़ी के व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने का महत्वपूर्ण आधार है। आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, कौशल और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का समन्वय आवश्यक है। समारोह में प्रज्ञा प्रवाह, भारतीय साहित्य परिषद सहित वैचारिक एवं साहित्यिक क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

दिवंगत आरक्षक के परिवार को उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सौंपा 1 करोड़ 8 लाख रुपए के बीमा राशि का चेक

कठिन परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों के परिवारों का सहारा बन रही सैलरी पैकेज बीमा योजना – उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा दिवंगत आरक्षक के पुत्र को बाल आरक्षक के रूप में दी जा चुकी है अनुकंपा नियुक्ति उप मुख्यमंत्री एवं गृह एवं जेल मंत्री श्री विजय शर्मा ने आज महानदी भवन नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक स्वर्गीय श्री सोनवीर कुमार की पत्नी श्रीमती प्रीति देवी को बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि का चेक प्रदान किया। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने दिवंगत आरक्षक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोने की क्षति अपूरणीय होती है, लेकिन ऐसी कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा की व्यवस्था परिवार को आगे बढ़ने का संबल प्रदान करती है।        इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश के पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की सुरक्षा और कल्याण भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिसकर्मियों के वेतन खातों से जुड़ी बीमा सुविधाएं आकस्मिक परिस्थितियों में उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बीमा सुरक्षा व्यवस्था का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। विगत दिनों नगर सैनिकों एवं फायर फाइटर्स को भी सैलरी पैकेज बीमा योजना से जोड़ा गया है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले इन जवानों और उनके परिवारों को भी बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सके।         उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों से कहा कि बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को इसके सुरक्षित निवेश एवं समुचित वित्तीय प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाए, ताकि यह राशि परिवार की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा और बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी साबित हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से देय शेष सहायता एवं अन्य सुविधाएं भी यथाशीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।       उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय श्री सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम के अंतर्गत कैंप घाघरा में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सेवाएं दी थीं। विगत 22 दिसम्बर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के सैलरी पैकेज के अंतर्गत उनकी पत्नी एवं नामिनी श्रीमती प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त उनके पुत्र श्री दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी प्रदान की जा चुकी है। ’पुलिसकर्मियों के साथ नगर सैनिकों और अग्निशमन कर्मियों को भी बीमा सुरक्षा का लाभ’         छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा अपने अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के उद्देश्य से विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए गए हैं। इन समझौतों के अंतर्गत पात्र पुलिसकर्मियों को वेतन खाते के साथ बीमा सुरक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। आकस्मिक मृत्यु अथवा दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उनके आश्रित परिवारों को बीमा सहायता प्रदान की जाती है। इसी क्रम में विगत दिनों नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी इस बीमा सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ा गया है। इससे पुलिस बल के साथ-साथ आपदा प्रबंधन, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत जवानों के परिवारों को भी आर्थिक सुरक्षा का संबल मिल सकेगा।         बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अब तक पांच पुलिस बल के कर्मियों के प्रकरणों में सैलरी पैकेज के अंतर्गत बीमा सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह व्यवस्था कठिन परिस्थितियों में आश्रित परिवारों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही बच्चों की शिक्षा, भविष्य की आवश्यकताओं और परिवार की आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने में सहायक हो रही है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री विवेकानंद सिन्हा, सीएएफ की 17वीं बटालियन के कमांडेंट श्री कमलेश चंदेल, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक श्री दिवाकर प्रसाद सिंह, उप महाप्रबंधक श्री प्रभाकर कुमार एवं सहायक महाप्रबंधक श्री मधुसूदन कुमार उपस्थित रहे। 

 उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित राज्य कैबिनेट की बैठक के बाद पत्रकार-वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास में पत्रकार-वार्ता में कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी।  

विकसित भारत-2047 के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सबसे अहम- राज्यपाल श्री रमेन डेका

‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए युवाओं से किया संवाद रायपुर के लोक भवन में आयोजित सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा ले रहे हैं हिस्सा राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा है कि भारत युवाओं का देश है, जहाँ देश की लगभग 35 प्रतिशत आबादी युवा है। यही युवा शक्ति देश को वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने में सबसे अहम भूमिका निभाएगी। युवाओं की शिक्षा, कौशल, कड़ी मेहनत और नवाचार से ही देश की प्रगति की दिशा तय होगी। राज्यपाल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे जीवन में जो भी कार्य करें, उसे पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें ताकि समाज और राष्ट्र का भला हो।          राज्यपाल श्री डेका आज रायपुर के लोक भवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में ‘मेरा युवा भारत’  द्वारा आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों को संबोधित कर रहे थे। 17 से 23 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा प्रतिभागी शामिल हुए हैं। राष्ट्रीय एकता और संस्कृति का आदान-प्रदान          राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि ऐसे युवा शिविर अलग-अलग राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को जानने-समझने का बेहतरीन अवसर देते हैं। इससे आपसी सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमताओं का विकास होता है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया। सफलता का मूल मंत्र- धैर्य, अनुशासन और समय की पाबंदी         युवाओं को सफलता के सूत्र बताते हुए राज्यपाल ने धैर्य, दृढ़ता और स्पष्ट उद्देश्य को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि केवल लक्ष्य तय करना काफी नहीं है, बल्कि उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास, कठोर परिश्रम और अनुशासन जरूरी है। उन्होंने कहा कि टालमटोल से बचें युवाओं को आज का काम कल पर टालने की आदत से बचना चाहिए। श्री डेका ने कहा कि समय की पाबंदी ही सफलता की असली नींव है। गाँवों की ओर रुख और कृषि में नवाचार           राज्यपाल ने युवाओं को गांवों की ओर जाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि गांवों में विकास और रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को गांवों की जरूरतें समझकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर तलाशने चाहिए। उन्होंने कृषि को पारंपरिक पेशे से आगे बढ़ाकर उद्यमिता और स्टार्टअप का माध्यम बनाने पर जोर दिया। युवाओं से जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की गई। बस्तर में आए सकारात्मक बदलावों का जिक्र          बस्तर का उदाहरण देते हुए राज्यपाल ने कहा कि जहाँ सुरक्षा होती है, वहीं शांति और विकास का माहौल बनता है। नक्सलवाद का प्रभाव कम होने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से बस्तर में शांति स्थापित हुई है और क्षेत्र तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। जिन इलाकों में कभी संचार साधनों का अभाव था, वहाँ अब मोबाइल टावर, रेडियो, और टेलीविजन की पहुँच बढ़ रही है तथा बच्चे नियमित रूप से स्कूल जा रहे हैं। सम्मान और संवाद         कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं के सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें सफल जीवन के लिए बहुमूल्य मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में ‘मेरा युवा भारत’ के राज्य निदेशक श्री अर्पित तिवारी ने शिविर के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित लोकभवन के अधिकारी और विभिन्न राज्यों के अधिकारी एवं युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।

 ’अवैध धान परिवहन और भंडारण पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई’

’अब तक 3464 कट्टा धान जब्त, 19 प्रकरण दर्ज; दो पिकअप वाहन भी जब्त’ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने के साथ ही महासमुंद जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिलेभर में सतत निगरानी कर रही हैं।   प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवम्बर से 17 नवम्बर 2026 तक जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के कुल 19 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन प्रकरणों में कुल 3464 कट्टा धान, जिसकी मात्रा लगभग 1385 क्विंटल है, जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन में प्रयुक्त दो पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं। जब्त धान में रबी फसल का धान, बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा धान तथा मंडी अधिनियम के उल्लंघन से संबंधित मामले शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान ओडिशा के दो व्यवसायियों का धान भी पकड़ा गया है। कलेक्टर श्री लंगेह के निर्देशानुसार जिले में निगरानी और जांच के लिए 15 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेक पोस्टों के माध्यम से दूसरे राज्यों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों से आने-जाने वाले धान के परिवहन पर लगातार नजर रखी जा रही है। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं तथा अनियमितता पाए जाने पर तत्काल जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।   जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध धान खरीदी, परिवहन एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने पंजीकृत रकबे के अनुसार ही धान विक्रय के लिए उपार्जन केंद्रों में लाएं तथा धान विक्रय के दौरान आवश्यक नियमों का पालन करें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में मंत्री परिषद की बैठक प्रारम्भ

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में मंत्री परिषद की बैठक प्रारम्भ

नक्सलवाद की समाप्ति के बाद तेज हुई विकास की रफ्तार, नए वृहद पुलों से कनेक्टीविटी हो रही मजबूत

पिछले 3 वर्षों में 174 करोड़ की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण पूर्ण 19 पुल निर्माणाधीन, 10 नए पुलों की मिली मंजूरी फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़: लोक निर्माण विभाग द्वारा आकांक्षी जिला कांकेर के सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने वृहद पुलों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग और कांकेर जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई राह खुल रही है। पिछले तीन वर्षों में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच 174 करोड़ रुपए की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण पूर्ण किए गए हैं। नक्सलवाद की समाप्ति के बाद समूचे बस्तर संभाग में सड़कों व पुलों के निर्माण में और तेजी आई है। कांकेर के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शामिल कोयलीबेड़ा से पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी पर 20 करोड़ रुपए, मेढ़की नदी पर 12 करोड़ रुपए एवं महला नदी पर 6 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से पुलों का निर्माण किया गया है। इसी तरह भैंसगांव से आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी पर 9 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से उच्च स्तरीय पुल बनाया गया है। इन पुलों के निर्माण ने नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनके निर्माण से जिले के लगभग 210 गांवों की 1 लाख 68 हजार आबादी को विकासखंड, तहसील एवं जिला मुख्यालय से बारहमासी संपर्क की सुविधा मिली है। पिछले कुछ महीनों में 61 करोड़ के 9 पुलों के निर्माण पूर्ण नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद कांकेर जिले में वृहद पुल निर्माण कार्यों में तेजी आई है। विगत कुछ महीनों में ही 61 करोड़ रुपए की लागत से 9 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया है। इनमें करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 7 करोड़ 46 लाख रुपए, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 4 करोड़ 58 लाख रुपए, टुरी नदी पर 4 करोड़ 50 लाख रुपए तथा कापसी (पी.वी.-130)-पखांजूर मार्ग में त्रास नाला पर 6 करोड़ 57 लाख रुपए की लागत से निर्मित पुल शामिल हैं। इन पुलों के निर्माण से जिले के 80 गांवों की लगभग 56 हजार आबादी को वर्षभर आवागमन की सुविधा उपलब्ध हुई है। इन पुलों से क्षेत्रवासियों को उच्च शिक्षा, व्यापार, उन्नत कृषि, पर्यटन गतिविधियां, सामाजिक-सांस्कृतिक संपर्क, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं शासन की योजनाओं तक पहुंच आसान हो गई है। महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय संपर्क होगा सुगम नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद नारायणपुर माड़ क्षेत्र सहित कांकेर जिले के सुदूर अंचलों में विकास और अंतरराज्यीय संपर्क को मजबूत करने वाले महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। इनमें मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी में 19 करोड़ रुपए, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ रुपए तथा ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 6 करोड़ रुपए की लागत से पुल निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपए की लागत से वृहद पुल का निर्माण तेजी से जारी है। इन पुलों के पूर्ण होने से दुर्गम क्षेत्रों में संपर्क बेहतर होगा तथा महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय आवागमन की भी सुविधा मिलेगी। 140 करोड़ की लागत से 19 पुल निर्माणाधीन, 92 करोड़ के 10 नए पुल स्वीकृत कांकेर जिले के ग्रामीण अंचलों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने तथा विकासखंड, तहसील एवं जिला मुख्यालयों से बारहमासी संपर्क सुनिश्चित करने राज्य शासन द्वारा 140 करोड़ रुपए की लागत से 19 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इनका निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसके साथ ही 92 करोड़ रुपए की लागत से 10 नए उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनका कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इन स्वीकृत पुलों में राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 6 करोड़ रुपए, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 4 करोड़ रुपए, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 5 करोड़ 50 लाख रुपए, कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़ रुपए, सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ रुपए तथा हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 6 करोड़ रुपए की लागत के पुल शामिल हैं।