युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में युवती गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजी गई
शादी की बात को लेकर होटल में हुआ था विवाद, आग से झुलसे युवक की उपचार के दौरान हुई थी मौत
बिलासपुर। युवक को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में कोनी पुलिस ने 21 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी युवती को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान आकांक्षा सिदार (21 वर्ष), निवासी भटगांव, जिला सूरजपुर के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक विकास गुप्ता (22 वर्ष) और आरोपी युवती के बीच प्रेम संबंध थे। 27 जनवरी 2026 को दोनों बिलासपुर के कोनी स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान शादी की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद युवक ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 1 फरवरी 2026 को रायपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। मर्ग जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि युवक को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था तथा उसे आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किए जाने के साक्ष्य मिले। इसके बाद थाना कोनी में अपराध क्रमांक 638/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले में कार्रवाई करते हुए कोनी पुलिस ने 21 नवंबर 2026 को आरोपी युवती आकांक्षा सिदार को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बिलासपुर पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार मामले में मर्ग जांच के दौरान जुटाए गए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।




