शासकीय जमीन की हेराफेरी में एक और गिरफ्तारी, भूमि विक्रेता उजीतराम गिरफ्तार
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कापू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पटवारी और गवाह के बाद अब जमीन बेचने वाला भी पहुंचा सलाखों के पीछे
रायगढ़। शासकीय भूमि को कूटरचित दस्तावेजों के जरिए निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज कराकर उसकी अवैध बिक्री करने के बहुचर्चित मामले में कापू पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस ने इस मामले में एक और आरोपी भूमि विक्रेता उजीतराम (52 वर्ष), निवासी ग्राम रायमेर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में इससे पहले तत्कालीन पटवारी और अनुप्रमाणक साक्षी की गिरफ्तारी हो चुकी है।
शासकीय भूमि में फर्जीवाड़े का यह मामला 11 अगस्त 2026 को सामने आया था। तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। शिकायत में ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के विभिन्न खसरा नंबरों में कथित रूप से कूटरचना कर खसरा बंटाकन और राजस्व अभिलेखों में हेरफेर करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद फर्जी पट्टे तैयार कर बाहरी व्यक्तियों के नाम पर जमीन दर्ज कराई गई और कथित तौर पर दलालों के माध्यम से उसकी रजिस्ट्री भी करा दी गई।
जांच में तत्कालीन पटवारी राकेश साय की भूमिका सामने आई, जिस पर शासकीय भूमि को निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज करने और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए भूमि का अवैध अंतरण कराने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने तत्कालीन पटवारी राकेश साय, मुक्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, भूमि विक्रेता उजीतराम तथा अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो और लालबहादुर यादव के विरुद्ध अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 एवं 120(बी) भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
विवेचना के दौरान कापू थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की की टीम ने 2 सितंबर 2026 को फरार तत्कालीन पटवारी राकेश साय को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने रजिस्ट्री दस्तावेजों में गवाह के रूप में हस्ताक्षर करने की बात स्वीकार की थी। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर कैलाश जेठवानी उर्फ सोनी से बातचीत में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

इसी कड़ी में 22 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले का फरार आरोपी उजीतराम अपने गांव रायमेर में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में शासकीय भूमि को निजी नाम पर दर्ज कराने, कूटरचित दस्तावेजों के जरिए उसका अंतरण करने तथा भूमि बिक्री के लिए कैलाश जेठवानी को मुक्तारनामा देने की जानकारी सामने आई। विवेचना में आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कापू पुलिस के अनुसार, शासकीय भूमि के इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से शासकीय जमीन के अवैध हस्तांतरण और राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
फिलहाल, कापू पुलिस की जांच में इस जमीन फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल जारी है।




