```html ```
Breaking

पीएम आवास के पात्र हितग्राही ई-रेत संगवारी एप से कर सकेंगे निःशुल्क रेत के लिए आवेदन

राज्य शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने की व्यवस्था; जिले की तीन रेत खदानों से नियमानुसार मिलेगी रेत सारंगढ़–बिलाईगढ़, राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए रेत उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। हितग्राही ई-रेत संगवारी मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर नियमानुसार निःशुल्क रेत प्राप्त कर सकेंगे। इस सुविधा का उद्देश्य आवास निर्माण के लिए रेत की उपलब्धता को सुगम बनाना और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के नियम-7 के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक नीलामी (रिवर्स ऑक्शन) के माध्यम से प्रदेश की सात नवीन रेत खदानों की निविदा प्रक्रिया पूरी की गई है। सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में तीन रेत खदानों की आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर भू-प्रवेश की अनुमति दी गई है। इनमें सारंगढ़ तहसील के ग्राम बहिदा और ग्राम जसपुर तथा सरिया तहसील के ग्राम बरगांव स्थित रेत खदानें शामिल हैं। इन खदानों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण कर रहे पात्र हितग्राही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रेत के लिए आवेदन कर सकेंगे। ई-रेत संगवारी एप के माध्यम से आवेदन करने और प्रक्रिया की जानकारी लेने के लिए हितग्राही अपने ग्राम पंचायत के आवास मित्र, रोजगार सहायक अथवा ग्राम सचिव से संपर्क कर सकते हैं। जिला पंचायत में योजना की प्रभारी जिला समन्वयक श्रीमती संजू पटेल से मोबाइल नंबर 8770567054 तथा प्रभारी प्रोग्रामर एवं सहायक नोडल अधिकारी श्री दिलीप साहू से मोबाइल नंबर 7000032637 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों से ई-रेत संगवारी एप के माध्यम से आवेदन कर इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की है। इससे आवास निर्माण के लिए रेत प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल होगी और हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध होगा।

चक्रवाती तूफान और अतिवृष्टि की आशंका: 29 अक्टूबर को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश

सारंगढ़–बिलाईगढ़,बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से जिले में तेज हवाएं चलने और अतिवृष्टि की संभावना को देखते हुए 29 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी और जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने अलग-अलग आदेश जारी किए हैं। विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर निर्णय जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 29 अक्टूबर को अवकाश रहेगा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के आधार पर विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में संभावित कठिनाइयों तथा उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के आदेश के अनुसार, जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 29 अक्टूबर को बंद रहेंगे। तेज हवाओं और अतिवृष्टि की आशंका से आंगनबाड़ी आने वाले बच्चों की सुरक्षा तथा प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न संभावित जोखिमों को देखते हुए यह अवकाश घोषित किया गया है। आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे, जबकि परियोजना कार्यालय खुले रहेंगे। दोनों विभागों ने संबंधित अधिकारियों और मैदानी अमले को आदेश की सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर, बाढ़ नियंत्रण कक्षों के दूरभाष नंबर जारी

सारंगढ़–बिलाईगढ़, चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव से बचाव, जनसुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय के लिए जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के जिला, अनुविभाग और तहसील मुख्यालयों में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित कर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। नियंत्रण कक्ष आगामी आदेश तक कार्यरत रहेंगे। जिला कार्यालय सारंगढ़–बिलाईगढ़ के नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 07768-299016 है। यहां डिप्टी कलेक्टर डॉ. वर्षा बंसल प्रभारी अधिकारी हैं। सारंगढ़ में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दशरथ सिंह राजपूत के कार्यालय के नियंत्रण कक्ष का नंबर 7987000894 और बिलाईगढ़ में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री शिक्षा शर्मा के कार्यालय के नियंत्रण कक्ष का नंबर 9340535968 है। तहसील मुख्यालयों में भी नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। तहसील सारंगढ़ के प्रभारी तहसीलदार एन.के. सिन्हा के कार्यालय के नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 8103002246, तहसील बरमकेला के प्रभारी तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू के कार्यालय का 07768-265041 और तहसील सरिया के प्रभारी तहसीलदार पुष्पेन्द्र राज के कार्यालय का 8269967979 है। तहसील बिलाईगढ़ की प्रभारी तहसीलदार सुश्री निलिमा अग्रवाल के कार्यालय के नियंत्रण कक्ष का नंबर 8319302665, तहसील भटगांव की प्रभारी तहसीलदार श्रीमती नेत्रप्रभा सिदार के कार्यालय का 9406468597 तथा तहसील सरसींवा के प्रभारी तहसीलदार मनीष कुमार सूर्यवंशी के कार्यालय का 8966850356 है। उपतहसील कोसीर के प्रभारी तहसीलदार खोमन लाल ध्रुव के कार्यालय के नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 9827464329 है। मुख्य सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के 26 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के परिपालन में स्थापित इन नियंत्रण कक्षों के माध्यम से संबंधित अधिकारी संभावित परिस्थितियों से निपटने और राहत एवं बचाव कार्यों का समन्वय करेंगे। आपात स्थिति में नागरिक अपने क्षेत्र के बाढ़ नियंत्रण कक्ष से दिए गए दूरभाष क्रमांक पर संपर्क कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अपात्र हितग्राहियों को दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर

28 अक्टूबर तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति, ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत कार्यालय में लिए जाएंगे आवेदन अपात्र हितग्राहियों की सूची ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर चस्पा करने के निर्देश सारंगढ़–बिलाईगढ़,प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत ग्राम सभाओं द्वारा अपात्र घोषित हितग्राहियों को अपनी पात्रता के संबंध में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। जनपद पंचायत सारंगढ़ द्वारा जारी निर्देश के अनुसार वर्ष 2024 से 2026 के अंतर्गत विभिन्न कारणों से अपात्र किए गए हितग्राही निर्धारित समय-सीमा में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। जनपद पंचायत सारंगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी निर्देश में उल्लेख किया गया है कि आवास योजनाओं के अंतर्गत ग्राम सभाओं द्वारा अपात्र घोषित ऐसे हितग्राहियों, जिन्हें योजना के नियमानुसार लाभान्वित किया जाना संभव नहीं है, उनके नाम आवास पोर्टल से विलोपित किए जाने हैं। इसके पूर्व संबंधित हितग्राहियों को दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों को अपात्र हितग्राहियों की सूची ग्राम पंचायत के सूचना पटल पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संबंधित हितग्राहियों को इसकी जानकारी मिल सके। सूची में शामिल हितग्राही 22 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक शाम 5 बजे जनपद पंचायत अथवा संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालय में उपस्थित होकर अपना दावा-आपत्ति आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्देशानुसार ग्राम पंचायतों में प्राप्त आवेदनों को 28 अक्टूबर तक जनपद पंचायत की आवास शाखा में जमा करना होगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायत के सूचना पटल पर चस्पा की गई अपात्र हितग्राहियों की सूची की छायाप्रति एवं पंचनामा भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। जनपद पंचायत प्रशासन ने सभी सरपंचों, सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित हितग्राहियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अपील की गई है, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

02 अवैध गांजा तस्करों के खिलाफ़ थाना बरमकेला की बड़ी कार्यवाही।

आरोपियों से 04 किलोग्राम गांजा सहित कुल 2,55,000 रुपये की संपत्ति ज़ब्त। आरोपियों द्वारा उड़ीसा के सोनपुर से मध्य प्रदेश में गांजा की तस्करी की जा रही थी। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक महोदय श्री सुनील शर्मा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल और एसडीओपी सारंगढ़ श्री गोविंद दीवान के नेतृत्व में जिले में लगातार सट्टा, शराब और अवैध मादक पदार्थ गांजा के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में बरमकेला पुलिस को 04 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ 02 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। कनकीडीपा मेन रोड पर चेकिंग के दौरान पकड़े गए गांजा तस्कर दिनांक 10/10/2026 को ग्राम कनकीडीपा के मेन रोड पर एमसीपी के दौरान एक बिना नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर सवार 02 व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई और तलाशी लेने पर हरे रंग के थैले के अंदर 04 पैकेट में कुल 04 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला, जिसकी कुल कीमत 2,00,000 रुपये है। एक मोटरसाइकिल,2 नग मोबाइल सहित कुल 2,55,000 रुपये की संपत्ति जब्त साथ ही, आरोपियों के कब्जे से एक नग मोटरसाइकिल, कीमत करीबन 50,000 रुपये तथा 02 नग मोबाइल, कीमत 5,000 रुपये, सहित कुल 2,55,000 रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्यवाही जिसके बाद सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। सम्पूर्ण कार्यवाही में पीएसआई भारती, एसआई ए. के. बेक, सउनि लखपति प्रधान, प्र0आर0 46 धीरहे, आर. सूरज सिदार, प्यारे लाल व समस्त थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा। गिरफ्तार आरोपी 1. मोहम्मद इदरीश, पिता मोहम्मद हाफिज, उम्र 26 वर्ष ग्राम बिजहा, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल, मध्य प्रदेश। 2. श्रीकांत सोनी, पिता संतोष सोनी, उम्र 19 वर्ष, ग्राम बिजहा, थाना ब्यौहारी, जिला शहडोल, मध्य प्रदेश।

कलेक्टर डॉ कन्नौजे ने बरमकेला में किया तहसील एवं नगर पंचायत का औचक निरीक्षण

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज/सारंगढ़ कलेक्टर ने तहसील कार्यालय आये किसानों से की चर्चा सरिया के राजस्व रिकार्ड को बरमकेला से सरिया में शिफ्ट करने कलेक्टर ने दिए निर्देश सारंगढ़ बिलाईगढ़। कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने बरमकेला क्षेत्र के दौरे में रहे, जिसमें बरमकेला तहसील कार्यालय, नगर पंचायत का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में दर्ज राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने सभी प्रकरणों को समय सीमा में निराकरण करने से लेकर कम पेशी में राजस्व प्रकरणों को निपटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण के दौरान कहा कि रिकॉर्ड का समुचित रख-रखाव व संधारण करें और सरिया तहसील के रिकार्ड को सरिया में नया भवन है, वहां स्थानांतरित करने को निर्देश दिए। वकीलो को भी पेशी संबंधित जानकारी ली। लोकसेवा केंद्र में रिकॉर्ड को अच्छा से रखने को कहा। कलेक्टऱ ने बरमकेला तहसील कार्यालय की माल जमादार, कानूनगो, नकल शाखाओं में जाकर  रीडर, भू अभिलेख, खाद्य शाखा, स्थापना, नाजिर शाखाओं का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए।कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने बरमकेला तहसील निरीक्षण के दौरान अपने प्रकरणों के लिए तहसील कार्यालय आए लोगों से भी बात की और जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बरमकेला नगर पंचायत का भी निरीक्षण किया सीएमओ से जानकारी ली। इस अवसर पर एसडीएम वर्षा बंसल, इंद्रजीत बर्मन, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, पुष्पेंद्र राज तहसीलदार बरमकेला, कोमल प्रसाद साहू नायब तहसीलदार, अजय पटेल जनपद सीईओ, कमलेश कुमार मेहर मनरेगा, चक्रधर नायक उपस्थित थे।

विश्वासपुर के राधामाधव मंदिर में गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया

सरिया/बरमकेला-सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिलान्तर्गत बरमकेला विकासखण्ड के ग्राम विश्वासपुर स्थित राधामाधव मंदिर में गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया गया।  जिसमें पं.गहलु महाराज जी ने विधिवत मंत्रोचारण कर मंदिर परिसर में स्थित भव्य गोवर्धन पर्वत प्रतिमा के समक्ष मुख्य यजमान श्री रघुनाथ पटेल एवं उनके सहधर्मिणी जी की कर कमलों से पूजा अर्चना करवाई।उसके बाद आरती और परिक्रमा कर भगवान श्री गिरिराज गोवर्धन जी का आशीर्वाद प्राप्त लिया। तदुपरान्त भोग प्रसाद अर्पित कर अन्नकूट महोत्सव मनाया गया सभी आगंतुकों भक्तों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। गोवर्धन पूजा का महत्व- यह दिन उस दिव्य घटना की स्मृति में मनाया जाता है जब भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुली पर उठाकर ब्रजवासियों को इन्द्र देव के प्रकोप से बचाया था।भगवान श्री कृष्ण ने एक तरफ अपनी अंगुली से गोवर्धन पर्वत उठाकर लोगों की रक्षा की तो वहीं दूसरी ओर इंद्रदेव का अहंकार नष्ट किया। इस मौके पर श्री राधामाधव आश्रम समिति के मीडिया प्रभारी चूड़ामणि पटेल ने कहा कि यह पूजा योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण द्वारा इंद्र का अहंकार तोड़ने की कथा से जुड़ी है, इस दिन विशेष रूप से गायों, पर्वत और अन्न की पूजा का महत्व है। गुरु श्री नरसिंह दाश जी महाराज के मार्गदर्शन में श्री श्री राधामाधव आश्रम समिति अपनी संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजन करती रहती है। इस दौरान सैंकड़ों की संख्या में हरिनाम संकीर्तन प्रेमी श्रद्धालु भक्तजन मातृशक्ति एवं बंधुओं की उपस्थिति रही।

जंगली सूअर का शिकार मामले में दो आरोपी गिरफ्तार,दो फरार।

वनमंडलाधिकारी सारंगढ़ बिलाईगढ़ के मार्गदर्शन पर एवं दीपावली पर्व के आस पास शिकार पर नियंत्रण रखने के निर्देश पर गोमर्दा अभ्यारण्य सारंगढ़ की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया । इस टीम में अधीक्षक गोमर्दा, परिक्षेत्र अधिकारी गोमर्दा सारंगढ़, बरमकेला एवं वन कर्मी शामिल थे । टीम द्वारा अभ्यारण्य के विभिन्न ग्रामों एवं वनक्षेत्रों में सर्च एवं एंटीस्नेयर वॉक डॉग स्क्वाड की मदद से कराया गया । सर्च ऑपरेशन में वन विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी ।  बरमकेला परिक्षेत्र के ग्राम छिंदपतेरा में करंट लगाकर एक जंगली सूअर का शिकार किया गया था । सर्च में दो ग्रामीणों के घर से लगभग १५ किलो जंगली सुअर का मांस जप्त किया गया ।आरोपी रामो विश्वकर्मा एवं लक्ष्मण विश्वकर्मा के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धराओ के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया ।  वर्तमान में अभियुक्तों से पुछ ताछ जारी है और भी ग्रामीणों की संलिप्तता प्रकरण में संभावित है । जो मौके से फरार बताया जा रहा है।

4.860 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को बरमकेला पुलिस द्वारा किया गया गिरफ्तार

प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी का नाम पताः मदन सारथी पिता कुबेर सारथी उम्र 21 वर्ष ग्राम लोधिया थाना बरमकेला जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़(छ०ग०) मामले का संक्षिप्त विवरण जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक महोदय सारंगढ़-बिलाईगढ़ (श्री आंजनेय वार्ष्णेय) के द्वारा जिले के सभी थाना/ चौकी प्रभारियों को जुआ, सट्टा, शराब, अवैध मादक पदार्थ गांजा में संलिप्त व्यक्तियों के उपर कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने निर्देशित किया गया है। इसी कड़ी में श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में तथा श्रीमान् अति० पुलिस अधीक्षक महोदय सारंगढ़-विलाईगढ़ (श्रीमती निमिषा पाण्डेय) एवं श्रीमान् उप पुलिस अधीक्षक महोदय सारंगढ़ (श्री अविनाश मिश्रा) के कुशल मार्गदर्शन में दिनांक 07/10/2025 को मुखबीर की सुचना पर 4.860 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा एवं तस्करी में प्रयुक्त एक बजाज डिस्कवर मोटर साइकिल कुल जुमला कीमती 136000 रुपये के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई है। प्रकरण में दिनांक 07/102025 को मोटर व्हीकल कार्यवाही के दौरान घटनास्थल ग्राम चनामुड़ा, मणिकंचन केंद्र के सामने मेन रोड पर एक नीला रंग के बजाज डिस्कवर मोटर सायकिल  में आरोपी मदन सारथी पिता कुबेर सारथी उम्र 21 वर्ष ग्राम लोधिया थाना बरमकेला जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़(छ०ग०) का उपरोक्त वाहन में सवार होकर 4.860 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बिकी हेतु तस्करी करते मिला था। मौके पर आरोपी के विरूद्ध धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के विधिवत् कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसे आज दिनांक 08/10/2025 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। उपरोक्त कार्यवाही में थाना बरमकेला के थाना प्रभारी उप निरीक्षक अजीब कुमार बेक के नेतृत्व में स०उ०नि० ओमप्रकाश राजपूत, प्र०आर० चित्रसेन देवांगन, भुवनेश्वर पण्डा आरक्षक दिनेश चौहान, मिनकेतन पटेल एवं थाना के अन्य स्टाफ तथा साइबर सेल प्रभारी सारंगढ़ का सराहनीय योगदान रहा।

आरू साहू ने लोकगीतों से सजाया मंच,भक्ति और संस्कृति से साराबोर हुआ कटंगपाली

सरिया/बरमकेला। विजयदशमी और नवदुर्गा महोत्सव के शुभ अवसर पर कटंगपाली में सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही।   सारंगढ़ जिलान्तर्गत बरमकेला विकासखण्ड के ग्राम कटंगपाली (अ) में कला, संस्कृति एवं परंपरा का जीवंत संगम देखने को मिला। छत्तीसगढ़ की बेटी और सुप्रसिद्ध लोकगायिका आरू साहू एवं उनके म्यूजिकल ग्रुप ने विजयादशमी और नवदुर्गा महोत्सव पर ग्राम कटंगपाली में अपनी मधुर सुरों से छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की महक बिखेरी और सबका मन मोह लिया। हालांकि खराब मौसम और बारिश के कारण कार्यक्रम की शुरुआत होने में काफी विलम्ब हुआ था फिर भी आरू साहू को सुनने के लिए विशाल संख्या में दर्शक मैदान पर डटे रहे। रात्रि 11 बजे जैसे ही हो रही बूंदाबांदी थमी लोगबाग में खुशी की लहर दौड़ गई। अंततोगत्वा करीब रात 12 बजे इस कार्यक्रम में जब आरु ने पारंपरिक मधुर गीतों की सधी हुई प्रस्तुति दी तो दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। उनके कंठ से निकली मधुर धुनों ने पूरे माहौल को छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की सुगंध से सराबोर कर दिया। आरु ने अपनी सभी लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर देर तक समां बांधे रखा करमा, सुवा, ददरिया और पंडवानी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी श्रोता झूम उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ- स्थानीय सरपंच श्रीमती पुष्पा दाता मिरी एवं उप सरपंच विद्याधर रात्रे की अध्यक्षता में,वहीं ताराचंद पटेल,चूड़ामणि पटेल,ईश्वर प्रसाद साहू,उग्रसेन साहू,हीरालाल पटेल,अग्नूराम पटेल,हेतराम मिरी,हीरा मिरी और सचिव ज्योत्स्न पटेल के आतिथ्य में कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। आयोजन समिति के द्वारा स्वागत- समस्त अतिथियों एवं लोकगायिका आरु साहू तथा उनकी टीम का स्वागत सत्कार गुलदस्ता व अंग वस्त्र भेंट करके आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों के द्वारा किया गया। रंगोली प्रतियोगिता के विजेता हुए पुरूस्कृत- इसी कड़ी में कार्यक्रम के पूर्व स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के द्वारा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया था जिसमें अव्वल नंबर प्राप्त करने वाले प्रतिभावान बेटियों को मंच पर अतिथियों के हाथों से पुरूस्कृत किया गया। कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित- कार्यक्रम के दौरान गणेश डनसेना,राधे मिरी,बासु डनसेना,बजरंग रात्रे,राजेश निराला,अजय पटेल,भागीरथी चौहान,धनसिंह मिरी,भारत मिरी, रायपुर विस्तार न्यूज से रवि मिरी और IAN24 से योगेश यादव समेत विशाल संख्या में दर्शकगण मौजूद थे।