केरा रोड खोखरा नहर पुल के पास चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा युवक गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा, एक धारदार चाकू जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

जांजगीर-चांपा, जांजगीर में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने और मारने के लिए दौड़ाने वाले एक युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नग चाकू बरामद कर जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली पुलिस की टीम थाना क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि केरा रोड स्थित खोखरा नहर पुल के पास एक युवक धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है। बताया गया कि आरोपी चाकू लहराते हुए लोगों को मारने के लिए दौड़ा रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंण्डेन यॉर्क एवं सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने खोखरा नहर पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान हिमांशु डहरिया उर्फ मोनू (22 वर्ष), पिता विनोद डहरिया, निवासी भाटापारा जांजगीर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक नग धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक संतुका खुटे एवं आरक्षक दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।