– दिनांक 27.10.2026 से लापता युवती को थाना कोण्डागांव एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई कर किया दस्तयाब। – साइबर तकनीकी सहायता एवं सतत पतासाजी के आधार पर पुलिस टीम को मिली महत्वपूर्ण सफलता। – अपहरण की आशंका के बीच पुलिस ने जबलपुर से युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों को किया सुपुर्द। – युवती के सकुशल मिलने पर परिजनों ने कोण्डागांव पुलिस का आभार व्यक्त किया।
मामले का संक्षिप्त विवरण
मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 27.10.2026 को प्रार्थी आदित्य सिंह राठौर, निवासी बाजार पारा, कोण्डागांव द्वारा थाना कोण्डागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी मामा की लड़की दिनांक 27.10.2026 को दोपहर लगभग 02:00 बजे घर में बिना किसी को बताए कहीं चली गई है। वह अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर प्रार्थी द्वारा किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा अपहरण कर कहीं छिपाकर रखे जाने की आशंका व्यक्त की गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 342/2026, धारा 140(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना एवं गुमशुदा की पतासाजी प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं सफलता
मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) द्वारा गुमशुदा की शीघ्र पतासाजी कर सकुशल दस्तयाबी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा एवं एसडीओपी कोण्डागांव श्री रूपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा एसडीओपी फरसगांव श्री अभिनव उपाध्याय एवं डीएसपी श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में थाना कोण्डागांव एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम द्वारा विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए लगातार पतासाजी की गई। साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी जानकारी एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर गुमशुदा की लोकेशन जबलपुर, मध्यप्रदेश में मिलने पर एसडीओपी फरसगांव श्री अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में एक विशेष टीम रवाना की गई।
विशेष टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा को जबलपुर (मध्यप्रदेश) से सकुशल दस्तयाब किया गया तथा दिनांक 31.10.2026 को थाना कोण्डागांव लाया गया।
पूछताछ के दौरान गुमशुदा द्वारा बताया गया कि वह किसी प्रकार के अपराध का शिकार नहीं हुई है, बल्कि पारिवारिक नाराजगी के कारण बिना बताए घर से चली गई थी। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं पूछताछ के पश्चात उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
गुमशुदा के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली तथा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए कोण्डागांव पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
सराहनीय योगदान
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक श्री संजय वट्टी, सहायक उप निरीक्षक श्री पीताम्बर कठार, महिला प्रधान आरक्षक श्रीमती आशो मरकाम तथा साइबर सेल कोण्डागांव से प्रधान आरक्षक श्री अजय बघेल, श्री प्रशांत जुर्री, आरक्षक श्री बीजू यादव, श्री संतोष कोड़ोपी, श्री चंदन शोरी एवं साइबर सेल की समस्त टीम का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।