```html ```

राष्ट्रीय एकता दिवस पर जशपुर में एकता दौड़, पुलिस जवानों और विद्यार्थियों ने दिया एकजुटता का संदेश

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार 

जशपुर, 31 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जशपुर पुलिस की ओर से शनिवार को एकता दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करने का संदेश देना रहा। दौड़ में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने किया। रणजीता स्टेडियम से कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। प्रतिभागियों ने रणजीता स्टेडियम से दौड़ शुरू की, जो महाराजा चौक होते हुए रक्षित केंद्र जशपुर के परेड ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने एक साथ कदम मिलाकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

आयोजन में जिला पुलिस बल और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा नव संकल्प एवं क्रीड़ा परिसर के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन केवल शारीरिक गतिविधि तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज में अनुशासन, सहयोग, भाईचारे और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि देश की एकता को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों को आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे के साथ प्रेम और सम्मान से रहना चाहिए। राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में जोड़ने और अखंड भारत के निर्माण में सरदार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके राष्ट्र निर्माण और एकता के प्रति योगदान को स्मरण करने के लिए हर वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता में एकता है। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सभी से आपसी सम्मान, विश्वास और सहयोग की भावना के साथ राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील की।

कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक कुंज राम चौहान, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, सिटी कोतवाली जशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, प्रशिक्षु सूबेदार रविशंकर साहू सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा नव संकल्प और क्रीड़ा परिसर के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

एकता दौड़ के माध्यम से जशपुर पुलिस ने नागरिकों को शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश देते हुए मजबूत एवं समृद्ध भारत के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *