```html ```

जशपुर में अवैध धान परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 160 क्विंटल धान जब्त

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार 

दो ट्रकों से 400 बोरी धान बरामद, दस्तावेज नहीं दिखा सके चालक और मालिक; चार लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

जशपुर। धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले जशपुर पुलिस ने दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ में लाए जा रहे धान के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने घोलेंग के पास जांच के दौरान धान से भरे दो ट्रकों को पकड़ा। दोनों वाहनों से करीब 160 क्विंटल यानी 400 बोरी धान बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 79 हजार 200 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 29 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे घोलेंग के पास संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान CG-14-MW-3959 और CG-14-MW-6091 नंबर के दो ट्रकों को रोका गया। जांच में दोनों वाहनों में बड़ी मात्रा में धान लदा मिला। पुलिस ने धान के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक और वाहन मालिक वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रकों में लदे कुल 400 बोरी धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया।

गुमला से बतौली ले जाया जा रहा था धान

पूछताछ में सामने आया कि धान को झारखंड के गुमला से लोड कर बतौली ले जाया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि समर्थन मूल्य पर छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने के बाद इस धान को अवैध तरीके से स्थानीय मंडियों में खपाने की तैयारी हो सकती थी। दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

चार लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान पुलिस के काम में बाधा डालने के प्रयास के मामले में चार लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में कृष्णा साहू (47), निवासी लक्ष्मण नगर, गुमला; संजय कुजूर (55), निवासी डंडाडीह, दुलदुला, जशपुर; अभिमन्यु सिंह (36) और सुमित सिंह (23), दोनों निवासी रामनगर, गुमला शामिल हैं।

सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ी

धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने की आशंका को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिले के थाना और चौकी क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी सीजन में बिना वैध दस्तावेज के दूसरे राज्यों से धान लाने या उसे छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से खपाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *