```html ```

दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, सांसद कमलेश जांगड़े ने दिए सख्त निर्देश पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर, लंबित कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने अधिकारियों को किया निर्देशित

दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, सांसद कमलेश जांगड़े ने दिए सख्त निर्देश
पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर, लंबित कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने अधिकारियों को किया निर्देशित


जांजगीर-चांपा,  लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों की प्रगति और आम नागरिकों को मिल रही सुविधाओं की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शत-प्रतिशत पहुंचे तथा सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, स्वामित्व योजना, आरसेटी, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करें और आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें।

 

♦
आवास, सड़क और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान सांसद ने सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने तथा निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सड़क निर्माण एवं रखरखाव की समीक्षा करते हुए उन्होंने खराब और जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने पर जोर दिया, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में सांसद ने आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा जर्जर भवनों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में सुधार लाने, प्रत्येक पात्र हितग्राही तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा जीवनदीप समिति की नियमित बैठक आयोजित करने को कहा।
जल जीवन मिशन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान सांसद ने ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में आवश्यकतानुसार शौचालय निर्माण, पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने को कहा। मध्यान्ह भोजन योजना के तहत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
सांसद ने आरसेटी के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने ब्लैक स्पॉट सुधारने के निर्देश
बैठक में सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए सांसद ने दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने के निर्देश दिए। नेशनल हाईवे सहित प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संकेतक, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी विकास संबंधी समस्याएं और आवश्यक कार्यों को भी प्रमुखता से उठाया। सांसद ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक जांजगीर-चांपा श्री ब्यास कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, श्री गुलजार सिंह सहित नगर पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, सरपंच, जनप्रतिनिधि, दिशा समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *