```html ```

डभरा में सच्चिदानंद उपासने का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले– वोट चोरी का आरोप लगाना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ संगोष्ठी में राहुल गांधी पर साधा निशाना, SIR और चुनावी प्रक्रिया को लेकर रखे विचार


डभरा में सच्चिदानंद उपासने का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले– वोट चोरी का आरोप लगाना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ संगोष्ठी में राहुल गांधी पर साधा निशाना, SIR और चुनावी प्रक्रिया को लेकर रखे विचार

डभरा (सक्ती), भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत शनिवार को चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के डभरा में विशाल संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के वोट चोरी और लोकतंत्र खतरे में होने संबंधी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बाद अब सत्ता से बाहर कांग्रेस देश में भ्रम और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उपासने ने कहा कि कांग्रेस अपने राजनीतिक इतिहास को भूलकर आज लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है। उन्होंने 1974 के रायबरेली चुनाव प्रकरण का उल्लेख करते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा अवैध घोषित किए जाने और उन्हें छह वर्ष के लिए अयोग्य ठहराए जाने का हवाला दिया। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट चोरी का आरोप लगाने से पहले उन्हें अपनी दादी के राजनीतिक इतिहास का अध्ययन करना चाहिए।

 


मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के विरोध पर उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग की नियमित और पारदर्शी प्रक्रिया है। इसके माध्यम से मृत, स्थानांतरित और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाते हैं तथा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस प्रक्रिया का विरोध कर वास्तविक तथ्यों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहा है।
उपासने ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया का जिक्र करते हुए मोदी सरकार की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बताया। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में जीत मिलने पर उसे ईवीएम और मतदाता सूची पर भरोसा रहता है, लेकिन हार मिलने पर वही व्यवस्था सवालों के घेरे में आ जाती है। उन्होंने बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भी कांग्रेस की हार का उल्लेख किया।
उन्होंने भाजपा के वैचारिक आधार और संगठनात्मक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और बलिदानों ने पार्टी को मजबूत आधार प्रदान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर नई पहचान की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्वदेशी हथियारों के माध्यम से भारतीय सेना की बढ़ती क्षमता का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में राजमहंत सतनाम पंथ श्री सुंदर साय बंजारे, जिला महामंत्री दीपक अग्रवाल, चंद्रा समाज के केंद्रीय अध्यक्ष रामरतन चंद्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल पटेल, जिला उपाध्यक्ष पीतांबर पटेल एवं नेतराम चंद्रा, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद गबेल, मंडल अध्यक्ष दिनेश बरेठ, जगदीश चंद्रा, जिवेंद्र गबेल, जिला मंत्री अरुण शर्मा, जनपद अध्यक्ष मालखरौदा कवि वर्मा, घासीराम जगत, रोहित चौहान, शिव भोई, सनातन बरेठ, अशोक अग्रवाल, रूपसिंह चंद्रा, चंद्रभान मैत्री, रामनारायण पटेल, कृष्णचंद्र चौधरी सहित रायपुर से पहुंचे राजकुमार यादव एवं संतोष शर्मा उपस्थित रहे।
संगोष्ठी में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *