```html ```

महर्षि वाल्मीकि के आदर्श मानवता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत : टिकेश्वर सिंह गबेल

महर्षि वाल्मीकि के आदर्श मानवता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत : टिकेश्वर सिंह गबेल


भाजपा जिलाध्यक्ष ने जयंती पर दी शुभकामनाएं, सामाजिक समरसता और समानता को अपनाने का किया आह्वान
सक्ती। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष टिकेश्वर सिंह गबेल ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर सक्ती जिले सहित समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि को भारतीय संस्कृति और साहित्य की महान विभूति बताते हुए उनके विचारों को समाज के लिए सदैव प्रेरणादायी बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर सिंह गबेल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि संस्कृत साहित्य के आदिकवि तथा सनातन संस्कृति के अमर ग्रंथ रामायण के रचयिता हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम के आदर्श चरित्र के माध्यम से सत्य, धर्म, मर्यादा, न्याय और सामाजिक समरसता जैसे मानवीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया। रामायण में वर्णित आदर्श आज भी समाज को नैतिकता, कर्तव्यनिष्ठा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन दृढ़ संकल्प, ज्ञान और साधना के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देता है। उनके विचार हमें जीवन में श्रेष्ठ आदर्शों को अपनाने तथा समाज में समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देते हैं। वर्तमान समय में सामाजिक समरसता और एकता की स्थापना के लिए उनके विचारों की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है।
टिकेश्वर सिंह गबेल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जयंती केवल उनके महान व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारने का भी संकल्प है। प्रभु श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को न्याय, मर्यादा, सत्य और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को अपनाना चाहिए।
उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि महर्षि वाल्मीकि के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक एकता, समानता और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा दें तथा समरस, सशक्त और विकसित समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *