```html ```

महानवमी पर कौशल्या साय ने किया कन्या पूजन, बेटियों के सम्मान का दिया संदेश

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार 

जशपुर। महानवमी के पावन अवसर पर जशपुर जिले के बगिया स्थित मुख्यमंत्री निवास में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने विधि-विधान से नौ कन्याओं का पूजन कर मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

कन्या पूजन के दौरान श्रीमती कौशल्या साय ने कन्याओं के माथे पर कुमकुम, अक्षत और चंदन का तिलक लगाया। इसके बाद उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर लाल चुनरी ओढ़ाई गई और आरती उतारी गई। पूजा-अर्चना के पश्चात कन्याओं को सात्विक भोजन कराया गया। साथ ही दक्षिणा और उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया।

इस अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय ने मां दुर्गा से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व आस्था और भक्ति के साथ सामाजिक सद्भाव तथा सकारात्मक ऊर्जा का संदेश भी देता है।

कन्या पूजन के माध्यम से बेटियों को देवी स्वरूप मानने और नारी शक्ति के सम्मान की भारतीय परंपरा को भी रेखांकित किया गया। महानवमी के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *