```html ```

नैला के दुर्गा पंडाल में विधिक जागरूकता की पहल, श्रद्धालुओं को दी जा रही निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी नालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को किया जा रहा जागरूक, हेल्पलाइन नंबर 15100 की भी दी जा रही जानकारी

नैला के दुर्गा पंडाल में विधिक जागरूकता की पहल, श्रद्धालुओं को दी जा रही निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी
नालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को किया जा रहा जागरूक, हेल्पलाइन नंबर 15100 की भी दी जा रही जानकारी
जांजगीर-नैला,  शारदीय नवरात्रि के अवसर पर जांजगीर-नैला स्थित प्रसिद्ध श्री श्री दुर्गा पूजा उत्सव पंडाल में श्रद्धा और आस्था के साथ-साथ विधिक जागरूकता का संदेश भी दिया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर की ओर से यहां 14 अक्टूबर से निःशुल्क विधिक सलाह एवं सहायता केंद्र का स्टॉल लगाया गया है। इस पहल के माध्यम से दुर्गा पंडाल में पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर के सहअध्यक्ष के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के मार्गदर्शन में संचालित इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को कानून के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद लोगों तक न्याय एवं विधिक सहायता की सुविधाएं पहुंचाना है। स्टॉल के माध्यम से श्रद्धालुओं को बताया जा रहा है कि पात्र व्यक्ति किस प्रकार निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं तथा विभिन्न परिस्थितियों में अपने अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी मदद कैसे ले सकते हैं।
विधिक जागरूकता स्टॉल पर परमेश्वर कुमार राठौर, प्रतिधारक अधिवक्ता, लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल एवं सुशील कुमार सूर्यवंशी, अधिकार मित्र द्वारा श्रद्धालुओं को महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों और जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही, लोगों को जागरूक करने के लिए पंपलेट एवं उपयोगी कानूनी पुस्तिकाओं का वितरण भी किया जा रहा है।
साइबर अपराध से लेकर महिला सुरक्षा तक दी जा रही जानकारी
वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध से बचाव और कानूनी सहायता प्राप्त करने के उपायों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा घरेलू हिंसा से महिलाओं की सुरक्षा, आपराधिक मामलों में महिलाओं को प्राप्त विशेष अधिकार, मोटरयान अधिनियम तथा गिरफ्तार और अभिरक्षा में निरुद्ध व्यक्तियों के अधिकारों से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है।
अभियान के दौरान लोगों को सामुदायिक मध्यस्थता के महत्व के बारे में भी बताया जा रहा है, ताकि आपसी विवादों के समाधान में वैकल्पिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी देकर उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना है।क्ष
नालसा की योजनाओं से वंचित और जरूरतमंद वर्गों को जोड़ने पर जोर
विधिक जागरूकता स्टॉल पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इनमें आपदा पीड़ितों, मानव तस्करी एवं वाणिज्यिक यौन शोषण के पीड़ितों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, वरिष्ठ नागरिकों, एसिड हमले के पीड़ितों तथा आदिवासी समुदाय के अधिकारों और उनके संरक्षण से संबंधित योजनाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही बच्चों के लिए बाल-मित्रवत विधिक सेवाएं, मानसिक बीमारी एवं बौद्धिक अक्षमता से प्रभावित व्यक्तियों के लिए सहायता, गरीबी उन्मूलन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा शिक्षा और सामाजिक सहायता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी साझा की जा रही है। संवाद, डॉन, जागृति, वीर परिवार सहायता, मानव-वन्यजीव संघर्ष के पीड़ितों के लिए सहायता तथा स्पहा, आशा, हमर अंगना, प्रयास, उम्मीद और आसरा जैसी योजनाओं के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 15100
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से श्रद्धालुओं को नालसा की राष्ट्रीय विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी बताया जा रहा है। इस नंबर के माध्यम से विधिक सहायता से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। स्टॉल पर वितरित पुस्तिकाओं और पंपलेट के जरिए नागरिकों को कानूनी अधिकारों, सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों से परिचित कराया जा रहा है।
नैला के प्रसिद्ध दुर्गा पूजा पंडाल में आयोजित यह पहल धार्मिक आयोजन को सामाजिक जागरूकता से जोड़ने का प्रयास है। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं तक यह संदेश पहुंचाया जा रहा है कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए महत्वपूर्ण है और जरूरत पड़ने पर पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है। इस प्रकार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का यह अभियान आमजन को जागरूक करने और न्याय तक उनकी पहुंच आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *