```html ```

सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट का मामला, कुनकुरी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार 

कुनकुरी। सोशल मीडिया पर हिन्दू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषियों को लेकर कथित आपत्तिजनक एवं अशोभनीय टिप्पणी करने के मामले में कुनकुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 199 और 299 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर 2026 को चराईडांड़ निवासी करनैल सिंह ने कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 अक्टूबर को फेसबुक पर हेमंत बेदी नाम के अकाउंट से ऐसी पोस्ट देखी गई, जिसमें हिन्दू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। शिकायतकर्ता ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने हेमंत कुमार बेदी (52), निवासी बिहावल, पतराटोली, चौकी दोकड़ा, थाना कांसाबेल, जिला जशपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान पुलिस आरोपी को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराने पहुंची। पुलिस के अनुसार, टीम को देखकर आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने फेसबुक अकाउंट से संबंधित पोस्ट किए जाने की बात स्वीकार करने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और उसमें लगा जियो कंपनी का सिम कार्ड भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 17 अक्टूबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

कार्रवाई में कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, प्रधान आरक्षक गोविंद यादव, रामानुजम पांडे, दलेश्वर यादव, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता तथा नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री का प्रसार गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने या समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *