
बिल्हा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, काला पत्थर से लदे चार माजदा वाहन जब्त
झाल मोड़ के पास पकड़े गए चारों वाहन, खनिज परिवहन से संबंधित रॉयल्टी दस्तावेज नहीं दिखा सके चालक
बिलासपुर। जिले में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बिल्हा पुलिस ने चार माजदा वाहनों को जब्त किया है। इन वाहनों में काला पत्थर (फर्श) लोड था। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर चालक खनिज के परिवहन से संबंधित वैध रॉयल्टी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने चारों वाहनों और उनमें लोड खनिज को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को थाना बिल्हा पुलिस की टीम स्थायी वारंटियों की पतासाजी के लिए क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान झाल मोड़ के पास चार माजदा वाहन संदिग्ध परिस्थितियों में काला पत्थर (फर्श) का परिवहन करते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने वाहनों को रुकवाकर चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक मौके पर कोई वैध रॉयल्टी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस ने चारों वाहनों को जब्त कर चालकों को थाना लाया। जब्त वाहनों में माजदा क्रमांक CG06GZ 0571, CG06GQ 3023, CG04MM 1351 एवं CG04PX 8189 शामिल हैं। पुलिस ने प्रत्येक वाहन के संबंध में अलग-अलग इस्तगासा तैयार कर धारा 106 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में चार वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें हिलेश यादव (23 वर्ष), निवासी बिरकोनी, जिला महासमुंद; दुर्गेश यादव (23 वर्ष), निवासी थाना महासमुंद क्षेत्र; मनीराम यादव (23 वर्ष), निवासी बरबसपुर, जिला महासमुंद तथा डाहरू यादव (35 वर्ष), निवासी बिरकोनी, जिला महासमुंद शामिल हैं।

बिल्हा पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे, आरक्षक संतोष मरकाम एवं अर्जुन जांगड़े का विशेष योगदान रहा।