```html ```

विजयादशमी पर पुलिस लाइन जांजगीर में एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने की शस्त्र पूजा जिले में सुख, शांति और समृद्धि की कामना, सभी थाना एवं चौकियों में भी हुआ शस्त्र पूजन

विजयादशमी पर पुलिस लाइन जांजगीर में एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने की शस्त्र पूजा
जिले में सुख, शांति और समृद्धि की कामना, सभी थाना एवं चौकियों में भी हुआ शस्त्र पूजन

जांजगीर-चांपा, विजयादशमी पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को पुलिस लाइन जांजगीर में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्रों की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने जिले में सुख, शांति एवं समृद्धि बनाए रखने के साथ कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने की मंगलकामना की। पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
शस्त्र पूजा कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क, डीएसपी मुख्यालय विजय कुमार पैकरा, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, जिला सेनानी योगिता साहू तथा रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पारंपरिक आयोजन में सहभागिता निभाई।
कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का प्रतीक है शस्त्र पूजा
दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजा पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण परंपरा है। यह परंपरा साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक मानी जाती है। पुलिस विभाग द्वारा इस परंपरा का निर्वहन करते हुए शस्त्रों की पूजा-अर्चना की जाती है तथा समाज में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संकल्प को दोहराया जाता है।
इसी परंपरा के तहत जांजगीर-चांपा जिले के सभी थाना एवं चौकियों में भी संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा विधि-विधान से शस्त्र पूजा की गई। इस दौरान पुलिस विभाग की परंपराओं के पालन के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
जिलेवासियों को दी पर्व की शुभकामनाएं
विजयादशमी के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिलेवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की। पुलिस विभाग ने पर्व के इस पावन अवसर पर सामाजिक सद्भाव, शांति और सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया। शस्त्र पूजा के माध्यम से पुलिस विभाग ने अपनी परंपरा का निर्वहन करते हुए जनसेवा और कर्तव्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *