```html ```

स्वच्छता से ही सशक्त होगी नारी : डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल

अफजल अली लखीमपुर खीरी जिला ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

मिशन शक्ति 5.0 : जीजीआईसी में व्यक्तिगत स्वच्छता संवाद, 200 बालिकाओं को सेनेटरी पैड वितरित

लखीमपुर खीरी। नारी सशक्तिकरण और स्वच्छता जागरूकता का संदेश लेकर मिशन शक्ति 5.0 अभियान अब बालिकाओं तक पहुँच रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, लखीमपुर में “व्यक्तिगत स्वच्छता संवाद कार्यक्रम” का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धार्वे, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. वाणी गुप्ता, सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता व एसडीएम अर्चना ओझा, प्रधानाचार्य डॉ शालिनी दुबे के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कॉलेज की करीब 200 छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म स्वच्छता एक ऐसा विषय है, जिस पर खुलकर बातचीत की जानी चाहिए। उन्होंने स्वयं छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित किए और इसके उपयोग से मिलने वाले लाभ बताए।
कहा कि स्वस्थ समाज की नींव स्वच्छता पर टिकी होती है। बेटियाँ जब आत्मनिर्भर और जागरूक होंगी तभी परिवार और समाज सशक्त बनेगा।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि नारी स्वच्छता, स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे इस संवाद को अपनी सहेलियों और परिवार तक पहुँचाएँ, ताकि जागरूकता का दायरा और व्यापक हो सके।

प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धार्वे ने कहा कि मासिक धर्म स्वाभाविक प्रक्रिया है, इसे किसी भी प्रकार की झिझक या संकोच से नहीं जोड़ना चाहिए। स्वच्छता अपनाकर ही छात्राएँ स्वस्थ रह सकती हैं और अपने सपनों को पूरा कर सकती हैं। जागरूक बालिकाएँ ही कल की सशक्त नारी बनेंगी। एसडीएम अर्चना ओझा ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ आदत नहीं बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। छात्राएँ यदि आज से ही व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखेंगी तो आने वाले समय में वे स्वस्थ, आत्मविश्वासी और समाज की प्रेरणा बनेंगी।”

विशेषज्ञों ने दी जानकारी

प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. वाणी गुप्ता और सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने Menstrual Hygiene पर विस्तार से संवाद किया। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता न बरतने से संक्रमण और गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए समय पर पैड बदलना, संतुलित आहार लेना और शरीर की साफ-सफाई रखना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में प्रिंसिपल शालिनी दुबे ने आभार ज्ञापित किया।

बालिकाओं ने पूछे सवाल, मिला समाधान

कार्यक्रम का सबसे प्रेरक पहलू यह रहा कि बालिकाओं ने बिना झिझक अपने सवाल रखे। किसी ने संक्रमण की समस्या पर सवाल किया, तो किसी ने खेलकूद व शारीरिक कमजोरी से जुड़े प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने सभी सवालों का धैर्यपूर्वक समाधान दिया।

मिशन शक्ति 5.0 : जीजीआईसी में छात्राओं की चमकी प्रतिभा, चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता में दिखाया कौशल

मिशन शक्ति 5.0 के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में आयोजित निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का लोहा मनवाया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धार्वे, प्रिंसिपल डॉ वाणी गुप्ता, एसडीएम अर्चना ओझा के साथ विजेताओं को मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 10 की रोशनी कश्यप ने पहला स्थान, इंटरमीडिएट की माही रस्तोगी ने दूसरा और नेहा कश्यप ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 10 की एंजेल प्रथम, इंटरमीडिएट की यासमीन द्वितीय और शमीम जहां तृतीय स्थान पर रहीं।प्रतिभागियों के उत्साह और हुनर ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *