
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर मना छत्तीसगढ़ राज्योत्सव, 26 वर्षों की विकास यात्रा की दिखी झलक
धरमलाल कौशिक बोले– अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाकर प्रदेशवासियों का सपना किया साकार, विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प

जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जांजगीर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर आयोजित इस समारोह में छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि उनके दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व के परिणामस्वरूप 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ। अटल जी ने प्रदेश की जनता के अलग राज्य के सपने को साकार करते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी अलग पहचान और विकास की नई राह दी। उनका योगदान प्रदेशवासी सदैव याद रखेंगे। कौशिक ने कहा कि राज्य निर्माण के शुरुआती दौर में छत्तीसगढ़ को खाद्यान्न संकट, बिजली की कमी, सीमित संसाधनों और रोजगार के लिए पलायन जैसी अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। लेकिन बीते 26 वर्षों में प्रदेश ने कृषि, उद्योग, सड़क, बिजली, अधोसंरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

किसानों की मेहनत से छत्तीसगढ़ आज देश के धान उत्पादन और खाद्यान्न आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं, वहीं महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और निःशुल्क खाद्यान्न जैसी योजनाओं से आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ मिलना भी कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है।
जिले की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा कृषि प्रधान जिला होने के साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के लिए भी अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना तभी साकार होगा, जब छत्तीसगढ़ भी विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा। इसके लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करना होगा।
इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भी प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हमारे पुरखों का सपना था, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 1 नवंबर 2000 को पूरा किया। उन्होंने अटल जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता उनके इस ऐतिहासिक योगदान को कभी नहीं भूलेगी। श्री चंदेल ने कहा कि 26 वर्षों की विकास यात्रा में छत्तीसगढ़ ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। कृषि प्रधान जांजगीर-चांपा जिले की अर्थव्यवस्था में भी किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।झविभागीय प्रदर्शनी में दिखी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की तस्वीर राज्योत्सव के अवसर पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनसंपर्क, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, समाज कल्याण, मछली पालन, पुलिस, आयुष, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा श्रम विभाग सहित अन्य विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। अतिथियों ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया तथा योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया।जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वहीं कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सहभागिता रही।
राज्योत्सव का आयोजन छत्तीसगढ़ की गौरवशाली पहचान, विकास की उपलब्धियों और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को समर्पित रहा।