
ओपी चौधरी ने युवाओं को दिया लोकतंत्र की मजबूती का संदेश, बोले- लोकतंत्र की रक्षा करना युवा शक्ति की सबसे बड़ी जिम्मेदारी
जांजगीर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में सोमवार, 2 नवंबर को बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल महाविद्यालय जांजगीर में विधानसभा स्तरीय युवा संवाद एवं छात्र प्रतिस्पर्धा का भव्य आयोजन किया गया। “लोकतंत्र बचाओ–भीड़तंत्र भगाओ, लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतंत्र की मजबूती, युवाओं की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र भारत की आत्मा है और युवा उसकी सबसे बड़ी शक्ति हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाली भीड़तंत्र और अराजकता जैसी प्रवृत्तियों से लोकतंत्र की रक्षा करना आज के युवाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया तथा भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक संरचना और एसआईआर (सदस्यता, सक्रियता एवं राष्ट्रवाद) से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने युवाओं को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से भी अवगत कराया। इनमें स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, अग्निवीर योजना, खेलो इंडिया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्रमुख रहीं। अतिथियों ने युवाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा और क्षमता को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना पूरा नहीं हो सकता। आज का युवा केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि देश के विकास और बदलाव का महत्वपूर्ण भागीदार है।
इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला संगठन प्रभारी रामदेव कुमावत, भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, जिला महामंत्री नंदनी रजवाड़े, अमर सुल्तानिया, प्रशांत सिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यालता मिरी, पूर्व जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह चंदेल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आकाश सिंह, रवि पाण्डेय, जिला कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, जिला प्रवक्ता विकास शर्मा, राकेश रूपवानी, अनिल शर्मा, पुष्पेंद्र निर्मलकर, अभिषेक पाण्डेय, ललित कश्यप, सोनू यादव, मनोबल जाहिरे, विवेक शर्मा, प्रमोद कश्यप, हितेश यादव सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल आयोजन युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आकाश सिंह एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य दुजेराम लहरे, समस्त महाविद्यालय परिवार और कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।