किराना दुकान में छिपाकर रखी थी अवैध शराब, मुलमुला पुलिस ने 70 पाव के साथ आरोपी को पकड़ा
6,200 रुपये की शराब जब्त, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर
जांजगीर-चांपा, जिले में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मुलमुला पुलिस ने ग्राम जेवरा में एक किराना दुकान पर छापेमारी कर बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई 70 पाव शराब जब्त की है। मामले में दुकान संचालक बलराम कश्यप (47 वर्ष) को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर दुकान में दी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को थाना मुलमुला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जेवरा निवासी बलराम कश्यप अपनी किराना दुकान में काउंटर के पास अवैध रूप से शराब छिपाकर बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और दुकान में दबिश दी।
तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर के पास बिक्री के लिए रखी गई 15 पाव गोवा स्पेशल व्हिस्की और 55 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। पुलिस ने कुल 70 पाव शराब, जिसकी मात्रा 12.600 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 6,200 रुपये बताई गई है, जब्त कर ली।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में आरोपी बलराम कश्यप, उम्र 47 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04, ग्राम जेवरा, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 447/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक शिवानंद सिंह, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक रुद्र कश्यप, आरक्षक राजेश कश्यप, आरक्षक ओमप्रकाश डहरिया और महिला आरक्षक प्रेमा जांगड़े का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।