भक्ति राग जांजगीर में देर रात तक गूंजे माता के जयकारे, शहनाज अख्तर के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
हरि लीला ट्रस्ट के आयोजन में उमड़ा जनसैलाब, टॉप-10 मेधावी विद्यार्थियों को 21-21 हजार रुपये, स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित

जांजगीर। श्रद्धा, भक्ति और सेवा के संगम के रूप में आयोजित ‘भक्ति राग जांजगीर—एक शाम मां के नाम’ का आयोजन शुक्रवार को जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर की भक्तिमय प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और पूरा परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा। हरि लीला ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ जनसेवा, सामाजिक समरसता और प्रतिभा सम्मान की प्रेरणादायी झलक देखने को मिली। ट्रस्ट अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि हुए शामिल
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू सपरिवार शामिल हुए। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, जिला भाजपा अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला पाटले, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवांगन गढ़ेवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी, जनपद पंचायत नवागढ़ अध्यक्ष कांता मनमोहन कश्यप, जिला पंचायत सदस्य गगन जयपुरिया, चांपा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, इंजीनियर रवि पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और जनहितकारी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जनसेवा के कार्यों के लिए हरि लीला ट्रस्ट की सराहना
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने हरि लीला ट्रस्ट द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने के साथ समाज में सेवा, सहयोग और समरसता की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की सराहनीय पहल है।
सांसद कमलेश जांगड़े ने भी ट्रस्ट की सामाजिक गतिविधियों और जनहितकारी कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हरि लीला ट्रस्ट ने अपने सेवा कार्यों और आयोजनों के माध्यम से अंचल में विशिष्ट पहचान बनाई है, जो गौरव का विषय है।
वहीं, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, विधायक व्यास कश्यप और जिला भाजपा अध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने भी ट्रस्ट की सामाजिक पहलों, जरूरतमंदों की सहायता तथा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय है ट्रस्ट
हरि लीला ट्रस्ट शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। ट्रस्ट की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, श्रवण यंत्र और व्हीलचेयर प्रदान करने तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता के प्रयास किए जाते हैं।
कोविड काल में भी ट्रस्ट ने ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, चिकित्सा उपकरणों और दवाइयों के माध्यम से जरूरतमंदों को सहयोग प्रदान किया। इसके अलावा गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता, अन्न सेवा, आपदा के समय राहत कार्य, बुजुर्गों कीत मदद, गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण जैसी गतिविधियां भी ट्रस्ट के सेवा कार्यों में शामिल हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ प्रेरक वक्ताओं के कार्यक्रम और ‘सफलता संकल्प उत्सव’ जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता है। सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को ‘प्रेरणा सम्मान’ से सम्मानित करने की पहल भी ट्रस्ट के प्रयासों का हिस्सा है।
टॉप-10 मेधावी विद्यार्थियों को 21-21 हजार रुपये देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम का महत्वपूर्ण आकर्षण जिले के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान रहा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की प्रावीण्य सूची में टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
कक्षा 12वीं में प्रावीण्य सूची में स्थान हासिल करने वाली सरस्वती शिशु मंदिर, चांपा की छात्रा खुशबू देवांगन तथा कक्षा 10वीं में टॉप-10 में स्थान बनाने वाले विवेकानंद उत्तर माध्यमिक विद्यालय, जांजगीर के छात्र नैतिक गौतम और लोकेश राठौर को अतिथियों ने 21-21 हजार रुपये के चेक, स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र प्रदान किए।
इस पहल के माध्यम से हरि लीला ट्रस्ट ने शिक्षा के महत्व और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान न केवल उनकी उपलब्धियों की सराहना है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित करने का माध्यम है।
‘समाज से जो मिलता है, उसे लौटाना ही जनसेवा’
ट्रस्ट अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया ने आयोजन में शामिल अतिथियों, श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज से हमें जो मिलता है, उसे वापस समाज को लौटाना ही जनसेवा है। उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता और जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के संकल्प को दोहराया।
ट्रस्ट सचिव अमर सुल्तानिया ने ट्रस्ट की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि हरि लीला ट्रस्ट शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जिलेवासियों से ट्रस्ट के सेवा कार्यों से जुड़ने तथा सामाजिक विकास में सहभागी बनने की अपील की।
जन्मदिन को बनाया सेवा और सद्भाव का उत्सव
ट्रस्ट अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया के जन्मदिन के अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी में केक काटकर शुभकामनाएं दी गईं। वहीं, 15 अक्टूबर को जन्मदिन होने के उपलक्ष्य में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी ट्रस्ट के आमंत्रण पर केक काटा।
इस अवसर पर जन्मदिन की खुशियों के साथ सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना का संदेश भी सामने आया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि व्यक्तिगत खुशियों को समाज के साथ साझा कर उन्हें जनसेवा और सामूहिक उत्सव का रूप दिया जा सकता है।
शहनाज अख्तर के भजनों ने बांधा समां
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर की भजन प्रस्तुति रही। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। माता के जयकारों और भक्तिमय संगीत से पूरा हाई स्कूल मैदान गूंज उठा। श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।
धार्मिक प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालुओं में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में आस्था के साथ सांस्कृतिक सहभागिता और सामाजिक एकजुटता की भी झलक देखने को मिली।
सफल आयोजन में ट्रस्ट परिवार और सहयोगियों का योगदान
कार्यक्रम का संचालन हितेश यादव ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रकाश शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में हरि लीला ट्रस्ट परिवार के आशीष सुल्तानिया, अभिषेक सुल्तानिया, आलोक सुल्तानिया, अभिनव सुल्तानिया, मनीष तिवारी, हितेश यादव, धर्मेंद्र राणा, सुधीर झाझड़िया, मुकेश भोपालपुरिया, जितेंद्र खांडे, साकेत तिवारी, सुनील पांडेय, वृंदावन सिंह, वीरेंद्र सिंह, विवेक सिंह, जितेंद्र तिवारी, भूपेंद्र साहू, रामेश्वर पटेल, संतोष राठौर, रमेश सोनवानी, मणिकांत अग्रवाल, पुष्पेंद्र निर्मलकर, आशीष गोयल, प्रवीण अग्रवाल, बृजेश अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, विवेक मित्तल, विक्रांत अग्रवाल, आकाश सिंघानिया, अंकित अग्रवाल, अखिल बंसल, पियुष सराफ, तपन अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल, विवेक सुल्तानिया, आर्यन, संस्कार, संदीप पांडेय, राजेंद्र साहू, अविनाश द्विवेदी, हितेश साहू, डिगेश मनहर, सोनू यादव, सागर राठौर, कमल राठौर, अंशु राठौर, कुलदीप, गोलू दुबे, पिकू राठौर, बादल बजाज, गजेंद्र कर्ष, प्रदीप राठौर और रवि पांडेय सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का योगदान रहा।
‘भक्ति राग जांजगीर—एक शाम मां के नाम’ धार्मिक आस्था, जनसेवा और प्रतिभा सम्मान के संगम के रूप में यादगार रहा। शहनाज अख्तर के भजनों से गूंजता परिसर और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह की प्रमुख उपलब्धियां रहीं। हरि लीला ट्रस्ट के इस आयोजन ने भक्ति के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया।