Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गौ तस्करी मामले में फरार वाहन मालिक गिरफ्तार

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। जशपुर पुलिस द्वारा गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना लोदाम क्षेत्र में गौ तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे बोलेरो पिकअप वाहन के मालिक मो. इम्तियाज (40 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में गौ तस्करी में शामिल अपराधियों, वाहन मालिकों और उनके सहयोगियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गौ तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को थाना लोदाम पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम भलमंडा स्थित नेशनल हाईवे से बोलेरो पिकअप वाहन JH-01-FP-3193 में गौवंशों की अवैध तस्करी की जा रही है। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया, लेकिन तस्कर मौके से फरार हो गए। वाहन से 9 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया गया था।

जांच के दौरान वाहन के मालिक की पहचान मो. इम्तियाज के रूप में हुई। घटना के बाद से वह लगातार फरार था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। 10 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर जशपुर क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक ऑपरेशन शंखनाद के तहत 852 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है। इस दौरान 71 प्रकरण दर्ज, 66 आरोपियों की गिरफ्तारी और 26 वाहनों की जब्ती की कार्रवाई की गई है।

जुलाई माह में लगातार कार्रवाई

– 1 जुलाई: थाना बागबहार क्षेत्र में गौवंश वध के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार।
– 3 जुलाई: चौकी दोकड़ा क्षेत्र में 10 गौवंश मुक्त, 3 आरोपी गिरफ्तार।
– 4 जुलाई: चौकी मनोरा के डहुकोना जंगल से 26 गौवंश मुक्त, 2 आरोपी गिरफ्तार।
– 8 जुलाई: ग्राम डडगांव से 21 गौवंश मुक्त, आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार, तलाश जारी।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। गौ तस्करी में शामिल प्रत्येक आरोपी, वाहन मालिक और संगठित गिरोह के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। फरार आरोपियों की तलाश भी लगातार की जा रही है।

Advertisements
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button