Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

जशपुर में DIG एवं SSP ने ली अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर

Ad

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में 10 सितंबर 2026 को DIG एवं SSP डॉ. लाल उमेद सिंह की अध्यक्षता में जिले की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान लंबित अपराध, चालान, शिकायत, मर्ग और अन्य प्रकरणों की थाना एवं अनुभागवार समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने तथा विवेचना में अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश दिए गए। साक्ष्यों के बेहतर संकलन और न्यायालय में प्रभावी पैरवी के माध्यम से दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

Advertisements
Advertisements

अधिकारियों को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित व स्थायी वारंटों की तामीली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने और लापरवाही बरतने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई।

त्योहारों को लेकर पहले से तैयार रहे पुलिस

आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था अभी से मजबूत करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती, पेट्रोलिंग और निगरानी की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

विजिबल पुलिसिंग और बदमाशों पर निगरानी

बैठक में पुलिस की मैदानी मौजूदगी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। नियमित पेट्रोलिंग, पैदल मार्च, कॉम्बिंग पेट्रोलिंग और सरप्राइज चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के साथ गुंडा-बदमाशों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुसार वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।

ग्राम स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महीने में तीन से चार बार अपने क्षेत्र के गांवों का भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

NDPS मामलों में पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के निर्देश

मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस को नशीले पदार्थों के स्रोत, परिवहन, सप्लाई और वितरण से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाकर पूरे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, गौ-तस्करी, जुआ, सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

साइबर अपराध पर त्वरित कार्रवाई

साइबर अपराधों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने और साइबर हेल्पलाइन व पोर्टल से प्राप्त मामलों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा गया। साथ ही नागरिकों को OTP, UPI फ्रॉड, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान को और गति देने के निर्देश दिए गए।

पुलिस रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के लिए CCTNS पोर्टल पर अपराध, आरोपी और प्रकरणों से संबंधित जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने को भी कहा गया। होटल और लॉज में ठहरने वाले आगंतुकों का समाधान ऐप के जरिए अनिवार्य पंजीयन सुनिश्चित करने तथा इसकी थाना स्तर पर निगरानी के निर्देश दिए गए।

CM हेल्पलाइन और यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा

CM हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का तथ्यात्मक और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सघन वाहन जांच अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल और नशे में वाहन चलाने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही हेलमेट और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान लगातार चलाने को कहा गया।

बैठक के अंत में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आम नागरिकों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना भी बैठक का प्रमुख विषय रहा।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार सहित जिले के विभिन्न अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, उप पुलिस अधीक्षक, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisements

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button