Advertisement Carousel
Blog

नकटी गांव में गरीबों के आशियाने उजाड़ना भाजपा सरकार की अमानवीय और जनविरोधी सोच का प्रमाण – कांग्रेस

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से मोहम्मद उस्मान सैफी

रायपुर के नकटी गांव में गरीब एवं श्रमिक परिवारों के मकानों को तोड़े जाने की घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा साझा की तथा भाजपा सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली की कड़ी निंदा की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिन परिवारों ने वर्षों की मेहनत से अपने सिर पर छत बनाई, उनके आशियाने उजाड़ देना किसी भी संवेदनशील सरकार के लिए शर्मनाक है। बिना मानवीय दृष्टिकोण अपनाए और प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना की गई यह कार्रवाई गरीबों के साथ घोर अन्याय है।

Advertisements

पूर्व विधायक श्रीमती अनीता योगेंद्र शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के दर्द और आंसुओं को समझने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। जिन परिवारों के घर तोड़े गए हैं, उनके सामने आज अपने बच्चों और परिवार के भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। सरकार का पहला दायित्व लोगों को सुरक्षा, सम्मान और न्याय देना होता है, लेकिन भाजपा सरकार ने गरीबों के सिर से छत छीनकर अपनी संवेदनहीनता का परिचय दिया है। कांग्रेस पार्टी ऐसे प्रत्येक परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भावेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार का दोहरा चरित्र अब पूरी तरह जनता के सामने आ चुका है। एक ओर सरकार इन्हीं बस्तियों में प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराती है, लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ देती है, वहीं दूसरी ओर वर्षों से बसे उन्हीं गरीब परिवारों के मकानों को अचानक अवैध बताकर बुलडोज़र चलवा देती है। यह आखिर कैसा न्याय है?

उन्होंने कहा कि यदि निर्माण वास्तव में अवैध थे तो वर्षों तक प्रशासन और सरकार क्या कर रहे थे? जब बिजली कनेक्शन दिए गए, नल की सुविधा दी गई, सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया, तब ये मकान अवैध क्यों नहीं थे? आज अचानक इन्हें अवैध बताकर गरीबों को बेघर कर देना सरकार की नीतियों में भारी विरोधाभास और गरीबों के साथ क्रूर अन्याय को दर्शाता है। भाजपा सरकार संवाद और समाधान के बजाय दमन की राजनीति कर रही है। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय को कभी स्वीकार नहीं करेगी और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध जनता की आवाज़ बनकर खड़ी रही है। नकटी गांव के गरीब परिवारों के साथ जो हुआ है, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। सरकार को तत्काल प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास, उचित मुआवजा तथा सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही इस पूरी कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। यदि सरकार गरीबों के साथ न्याय नहीं करती है तो कांग्रेस पार्टी व्यापक जनआंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शासन का उद्देश्य जनता का विश्वास जीतना होता है, न कि गरीबों के आशियाने उजाड़कर भय और असुरक्षा का वातावरण बनाना। नकटी गांव की घटना ने भाजपा सरकार की गरीब विरोधी सोच को उजागर कर दिया है। कांग्रेस पार्टी प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उनके सम्मान, अधिकार तथा न्याय की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ती रहेगी।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष रायपुर ग्रामीण उद्यो वर्मा, मंडल अध्यक्ष रंजीत गायकवाड़, जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के उपाध्यक्ष जयंत साहू, जनपद सदस्य बरखा साहू, गावेश साहू, कमल साहू, भागवत लहरी, मनहरण साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button