Advertisement Carousel
Blog

हार्वेस्टर दिलाने के नाम पर 27 लाख की ठगी, अधिकृत डीलर गिरफ्तार

Advertisements

नया हार्वेस्टर दिलाने के नाम पर 27 लाख की धोखाधड़ी, अधिकृत डीलर गिरफ्तार
दुर्ग, 05 जून 2026। नया हार्वेस्टर उपलब्ध कराने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक अधिकृत डीलर को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी पर किसानों से हार्वेस्टर की राशि लेने के बावजूद मशीन उपलब्ध नहीं कराने का आरोप है।

Advertisements
Advertisements


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक परशुराम साहू, धनेश ढीमर एवं टीकाराम साहू ने पृथक-पृथक शिकायत दर्ज कराई थी कि मेसर्स दुर्ग ट्रैक्टर्स के अधिकृत डीलर वरुण प्रताप सिंह ने नया हार्वेस्टर उपलब्ध कराने के नाम पर उनसे बड़ी राशि प्राप्त की, लेकिन लंबे समय तक हार्वेस्टर उपलब्ध नहीं कराया।
शिकायत की जांच के दौरान पाया गया कि आवेदकों ने हार्वेस्टर खरीदने के लिए बैंक से ऋण स्वीकृत कराया था, जिसकी राशि सीधे आरोपी की फर्म के खाते में स्थानांतरित की गई थी। इसके अतिरिक्त कुछ राशि नगद रूप में भी आरोपी को दी गई थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और हार्वेस्टर उपलब्ध नहीं कराया।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी वरुण प्रताप सिंह ने प्रार्थी परशुराम साहू से लगभग 27 लाख रुपये प्राप्त करने के बाद भी हार्वेस्टर नहीं दिया, जिससे धोखाधड़ी का मामला सिद्ध हुआ। इसके आधार पर थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 515/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।


पुलिस ने आरोपी वरुण प्रताप सिंह (36 वर्ष), निवासी मालवीय नगर, शांति निकेतन अपार्टमेंट, मोहन नगर, दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस जांच में यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी हार्वेस्टर दिलाने के नाम पर लाखों रुपये प्राप्त किए हैं। इस संबंध में विस्तृत जांच जारी है। आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसमें बालोद जिले के डौंडी लोहारा थाना में दर्ज एक प्रकरण शामिल है।
दुर्ग पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा संभावित अन्य पीड़ितों और वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button