Advertisement Carousel
Blog

ऑपरेशन अंकुश का असर : फरार सट्टा खाईवाल खुद पहुंचा एसएसपी कार्यालय ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल

Advertisements

ललिता बरेठ कि रिपोर्ट

Advertisements

रायगढ़ पुलिस के बढ़ते दबाव के आगे झुका ऑनलाइन सट्टा का मुख्य आरोपी, पिंटू हलवाई ने किया सरेंडर
रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई का असर अब दिखाई देने लगा है। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई आखिरकार पुलिस के बढ़ते दबाव के आगे झुक गया और स्वयं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
जानकारी के अनुसार आरोपी पिंटू हलवाई पिता कन्हैया लाल हलवाई उम्र 43 वर्ष निवासी चांदमारी रायगढ़ लंबे समय से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस की लगातार दबिश, तकनीकी जांच और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आरोपी भयवश रायगढ़ छोड़कर उत्तराखंड भाग गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिया था।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के समक्ष अपराध छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताई। इसके बाद आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया।

Advertisements


थाना कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 237/2026 एवं 238/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 और 7 में आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी, भतीजे और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर व्हाट्सऐप कॉलिंग एवं यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क संचालित करता था। पुलिस ने आरोपी से 2 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपी के नेटवर्क से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, 2 लाख 69 हजार रुपए नकद, नोट गिनने की मशीन और महंगे मोबाइल जब्त किए थे। इन मामलों में पिंटू हलवाई मुख्य आरोपी के रूप में फरार चल रहा था।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा, जुआ और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को सुधार का अवसर दिया जाएगा, लेकिन चेतावनी के बाद भी अपराध में लौटने वालों के खिलाफ और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad
Back to top button