```html ```

अवैध महुआ शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो ठिकानों से 130 लीटर शराब और 1100 किलो लाहन जब्त


अवैध महुआ शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो ठिकानों से 130 लीटर शराब और 1100 किलो लाहन जब्त
देवरी और कमरीद के सबरिया डेरों में नदी-नाले किनारे पकड़ी गईं अवैध भट्ठियां, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

 

जांजगीर-चांपा,  जिले में अवैध शराब के निर्माण और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग ने दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने देवरी और कमरीद के सबरिया डेरों में दबिश देकर कुल 130 लीटर महुआ शराब और 1100 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल की जा रही एक चालू भट्ठी भी पकड़ी गई। दोनों मामलों में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश तथा प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी के विशेष मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब निर्माण एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 3 नवंबर को आबकारी विभाग की टीम ने देवरी स्थित सबरिया डेरे में नदी किनारे दबिश दी। यहां एक चालू महुआ शराब भट्ठी के साथ 90 लीटर महुआ शराब और लगभग 600 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई कमरीद के सबरिया डेरे में नाले के किनारे की गई। यहां से टीम ने 40 लीटर महुआ शराब और लगभग 500 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। दोनों स्थानों से बरामद सामग्री के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(च) एवं 34(2) के तहत प्रकरण कायम किया गया है।

 


आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध महुआ शराब बनाने और उसका भंडारण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस संयुक्त कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक विकास पाल सांडे, यीवरेश कुमार, दीपक ठाकुर, मनीष साहू, विजयेंद्र टंडन, गुलशन साहू, देवेंद्र तांडे सहित मुख्य आरक्षक राजेश पांडेय, मुकेश शर्मा, देवदत्त जायसवाल, आरक्षक गीता कमल, अंशु पाटनवार एवं नगर सेना के जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *