धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर सख्त, 134 उपार्जन केंद्रों में पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश

31 अक्टूबर तक किसान पंजीयन पूरा कराने पर जोर, अवैध धान परिवहन रोकने सीमाओं पर बनेंगे चेकपोस्ट
जांजगीर-चांपा, । आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी धान खरीदी समितियों और उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिले में आगामी खरीफ विपणन वर्ष के दौरान 102 समितियों के अंतर्गत कुल 134 धान उपार्जन केंद्र संचालित किए जाने हैं। इनमें पांच नवीन उपार्जन केंद्र भी शामिल हैं। कलेक्टर ने सभी केंद्रों में शासन द्वारा निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, फेंसिंग, विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
किसानों की सुविधाओं पर रहेगा विशेष ध्यान
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था, शौचालय और प्राथमिक उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए बायोमेट्रिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उपार्जन केंद्रों से संबंधित जानकारी पीसीएसएपी पोर्टल पर सही तरीके से दर्ज करने को कहा गया।
अवैध धान परिवहन पर होगी सख्ती
जिले में अवैध धान के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर ने सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोचियों और बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लाभ वास्तविक और पात्र किसानों तक पहुंचे तथा अवैध रूप से धान खपाने की कोशिशों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
31 अक्टूबर तक किसान पंजीयन पूरा कराने के निर्देश
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संबंधित अधिकारियों को किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने और 31 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीयन समय पर पूरा होने से पात्र किसानों को धान विक्रय के दौरान अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए संबंधित विभागों और समितियों के बीच समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया गया।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह, खाद्य अधिकारी संदीप पाण्डेय, सीसीबी नोडल अमित साहू, डीएम नान मनोज मिंज, अधीक्षक भू-अभिलेख विनय पटेल, लेखाधिकारी मार्कफेड संतोष कुमार वर्मा, मंडी सचिव विवेक जायसवाल, अमर राठौर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने आगामी धान खरीदी को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।