```html ```

निर्माणाधीन सड़क और पुल की गुणवत्ता पर कलेक्टर की नजर, मौके पर कराई माप तकनीकी मानकों से समझौता नहीं, तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश

निर्माणाधीन सड़क और पुल की गुणवत्ता पर कलेक्टर की नजर, मौके पर कराई माप
तकनीकी मानकों से समझौता नहीं, तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश


जांजगीर-चांपा,  जिले में चल रहे सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शनिवार को निर्माणाधीन सड़कों और पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोधना से कुकदा तक निर्माणाधीन सड़क, राहौद मेन रोड से बालक छात्रावास तक बन रही सीसी रोड तथा कुकदा-रिंगनी के बीच निर्माणाधीन पुल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क की चौड़ाई और मोटाई की मौके पर ही माप कराई तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की।
सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सड़क निर्माण के दौरान चौड़ाई और मोटाई जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि निर्मित सड़कें लंबे समय तक टिकाऊ रहें और आम नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
जलभराव की समस्या दूर करने ड्रेनेज व्यवस्था पर जोर
कलेक्टर ने सड़क निर्माण के साथ-साथ ड्रेनेज व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सड़कों पर पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित होता है और सड़क के क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
कुकदा-रिंगनी पुल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
सड़क निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने कुकदा-रिंगनी के बीच निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। पुल का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी निर्माण कार्यों की सतत निगरानी की जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और टिकाऊ सड़क एवं पुल की सुविधा उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *