लोक कला, संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने वाले आयोजनों की सराहना, कलाकारों का बढ़ाया उत्साह
कांसाबेल/जशपुर। ग्राम पंचायत पुसरा में आयोजित नाटक प्रतियोगिता कार्यक्रम में जिला पंचायत जशपुर के अध्यक्ष सालिक साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न नाट्य प्रस्तुतियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतिभागियों की कला और प्रतिभा की सराहना की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सालिक साय ने कहा कि नाटक प्रतियोगिता जैसे सांस्कृतिक आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं।
ऐसे आयोजन न केवल हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का भी सशक्त माध्यम हैं।उन्होंने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर इस प्रकार के आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम योगदान देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति और समस्त ग्रामवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर पुसरा के उपसरपंच बालेश्वर चक्रेश, बीडीसी खगेंद्र साय, सरपंच अनक साय, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता परमेश्वर चक्रेश, भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री मुकेश यादव, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष नरसिंह साहू, उपाध्यक्ष अभिषेक पैंकरा, विजय साय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।