भक्ति राग जांजगीर आज, शहनाज अख्तर की भजन संध्या में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़


हरि लीला ट्रस्ट का आयोजन, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल; छत्तीसगढ़ की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले जिले के तीन मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा 21-21 हजार रुपये का सम्मान
जांजगीर। नवरात्रि की भक्ति, संगीत की मधुर स्वर लहरियों और समाजसेवा के संकल्प के साथ जांजगीर-नैला में आज 16 अक्टूबर को ‘भक्ति राग जांजगीर—एक शाम माँ के नाम’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। हरि लीला ट्रस्ट, बनारी, नैला-जांजगीर के तत्वावधान में स्थानीय हाई स्कूल मैदान में शाम 7 बजे से आयोजित होने वाली इस भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को माँ की भक्ति में सराबोर करेंगी। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
आयोजन की खास बात यह है कि भक्ति और संगीत के इस मंच पर जिले की शैक्षणिक प्रतिभाओं का भी सम्मान किया जाएगा। छत्तीसगढ़ की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की प्रावीण्य सूची में टॉप-10 में स्थान हासिल करने वाले जिले के तीन मेधावी विद्यार्थियों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और 21-21 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाएगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई अतिथि होंगे शामिल
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। क्षेत्रीय सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह तथा जिला भाजपा अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।
आयोजकों को उम्मीद है कि भजन गायिका शहनाज अख्तर की लोकप्रिय प्रस्तुतियों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संगीत प्रेमी कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजन के माध्यम से नवरात्रि की आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सहभागिता का संदेश भी दिया जाएगा।
जन्मदिन को जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की पहल
16 अक्टूबर हरि लीला ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया का जन्मदिन भी है। ट्रस्ट द्वारा इस अवसर को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित रखने के बजाय भक्ति, जनसेवा और प्रतिभाओं के सम्मान से जोड़कर मनाया जा रहा है। इसी उद्देश्य से ‘भक्ति राग जांजगीर’ के मंच पर सांस्कृतिक आयोजन के साथ मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है।
ट्रस्ट अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया ने कहा कि जांजगीर-नैला की पहचान नवरात्रि के भक्तिमय आयोजनों, सांस्कृतिक परंपराओं और जनभागीदारी से जुड़ी है। ‘भक्ति राग जांजगीर’ इसी विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने जिलेवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
खुशबू देवांगन, नैतिक गौतम और लोकेश राठौर होंगे सम्मानित
हरि लीला ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष छत्तीसगढ़ की कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रावीण्य सूची के टॉप-10 में स्थान बनाने वाले जिले के विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष तीन विद्यार्थियों को सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इनमें सरस्वती शिशु मंदिर, चांपा की कक्षा 12वीं की मेधावी छात्रा खुशबू देवांगन तथा विवेकानंद उत्तर माध्यमिक विद्यालय, जांजगीर के कक्षा 10वीं के विद्यार्थी नैतिक गौतम और लोकेश राठौर शामिल हैं। तीनों विद्यार्थियों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और 21-21 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया ने कहा कि शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करना समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए आवश्यक है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान न केवल उनकी मेहनत और उपलब्धियों को पहचान देने का माध्यम है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और जरूरतमंदों की सहायता में सक्रिय है ट्रस्ट
हरि लीला ट्रस्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ विभिन्न सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। ट्रस्ट द्वारा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, जरूरतमंदों को चिकित्सा सहायता, दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, श्रवण यंत्र और व्हीलचेयर उपलब्ध कराने, निर्धन परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग, अन्न सेवा तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्य किए जाते हैं।
इसके अलावा समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और संस्थाओं को सम्मानित करने तथा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की पहल भी की जाती है।
‘भक्ति राग जांजगीर—एक शाम माँ के नाम’ के जरिए ट्रस्ट भक्ति, संगीत, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रहा है। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था के साथ प्रतिभा सम्मान और जनसेवा के संदेश को भी मजबूत करेगा। ट्रस्ट ने जिलेवासियों से आज शाम 7 बजे हाई स्कूल मैदान पहुंचकर इस भक्तिमय आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।
मेरी खबर को संक्षिप्त और धारदार बनाएं