```html ```

भैंसो नाले के पास पलटी कार, हादसे में युवक की मौत; दो घायल

भैंसो नाले के पास पलटी कार, हादसे में युवक की मौत; दो घायल
एक-दो दिन पहले ही खरीदी थी सेकंड हैंड कार, लावारिस कुत्ते को पशु केंद्र छोड़कर लौट रहे थे तीनों युवक

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार युवक की जान चली गई। ग्राम भैंसो के पास बिलासपुर-पामगढ़-शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर नाले के किनारे पलट गई। हादसे में तुस्मा निवासी जय कुमार साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
लावारिस कुत्ते को छोड़कर लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे तीनों युवक सड़क किनारे मिले एक लावारिस कुत्ते को लेकर बिलासपुर स्थित पशु केंद्र पहुंचे थे। कुत्ते को वहां भर्ती कराने के बाद वे कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोमवार तड़के करीब चार बजे ग्राम भैंसो के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और नाले के किनारे पलट गई। दुर्घटना में कार की पिछली सीट पर बैठे जय कुमार साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
खरौद निवासी युवक चला रहा था कार
बताया गया है कि हादसे के समय कार खरौद निवासी चिन्ना देवगन चला रहा था, जबकि गिधौरी निवासी अभय अवस्थी आगे की सीट पर बैठा था। जय कुमार साहू पीछे की सीट पर सवार था। दुर्घटना में अन्य दोनों युवकों को मामूली चोटें आईं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जय कुमार ने एक-दो दिन पहले ही सेकंड हैंड कार खरीदी थी। हालांकि, कार के अनियंत्रित होने और पलटने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *