```html ```

ऑपरेशन शंखनाद: लोदाम क्षेत्र में गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप वाहन से 04 नग गौ वंशों को कराया मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार।

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

पुलिस को देखकर भाग रहा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चालक को पकड़ा।

गौ तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक JH-13F-1745 जप्त, गिरफ्तार आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर।

नाम गिरफ्तार आरोपी- नजरुल अंसारी उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम पनसो, कोटमा जिला गुमला झारखंड।

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 11 एवं 12 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात थाना लोदाम पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान दिनांक 12.10.2026 को प्रातः करीब 03:00 बजे मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि जशपुर की ओर से एक पिकअप वाहन में गौ वंशों को भरकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम द्वारा नेशनल हाईवे पर पतराटोली के पास संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई।

पुलिस को देखकर तेज गति से भागने लगा पिकअप चालक। प्रातः करीब 04:00 बजे जशपुर की ओर से एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख चालक ने भलमंडा के पास नेशनल हाईवे पर वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।

पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन चालक को हिरासत में लिया। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 04 नग गौ वंश लोड मिले। पुलिस ने सभी गौ वंशों को सकुशल बरामद कर लिया तथा पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान नजमुल अंसारी उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम पनसो, कोटमा, जिला गुमला, झारखंड के रूप में हुई। पुलिस द्वारा गौ वंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना लोदाम में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

मामले में आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा गौ तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक JH-13F-1745 को भी जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक बालकृष्ण भगत, आरक्षक बूटा सिंह, जगजीवन यादव एवं जशवंत मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मामले में डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी एवं पशु क्रूरता के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। जिले में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *