बिलासपुर में दिनदहाड़े चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

10 चोरी के मामलों का खुलासा, 17 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त; क्रेटा कार, बुलेट और सोने-चांदी के जेवरात बरामद
बिलासपुर पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और चोरी की रकम से खरीदे गए वाहन सहित करीब 17 लाख 82 हजार 250 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से बिलासपुर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के 9 मामलों और कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के एक मामले सहित कुल 10 प्रकरणों का खुलासा हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के कोटा, रतनपुर, बिल्हा, पचपेड़ी और बेलगहना चौकी क्षेत्र सहित ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ महीनों से दिनदहाड़े चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। आरोपी दोपहर के समय उस वक्त सूने मकानों को निशाना बनाते थे, जब ग्रामीण खेती-किसानी या अन्य कामों से घर से बाहर रहते थे। मकानों में ताला लगा देखकर आरोपी ताला तोड़ते और अंदर रखी पेटियों व आलमारियों से सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।
लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने मामलों का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थाना कोटा पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने जिला कोरबा के तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की।
कोरबा जिले के तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार वासुदेव (33 वर्ष), भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43 वर्ष) और राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी डिपरपारा, ग्राम मानिकपुर, जिला कोरबा के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोटरसाइकिल से ग्रामीण इलाकों में घूमते थे और सूने मकानों की पहचान कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी विनोद कुमार वासुदेव ने चोरी की रकम से क्रेटा कार खरीदने और उसकी किस्तें चुकाने की बात कही। वहीं, राज प्रजापति उर्फ लल्लू ने चोरी के पैसों से अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदने और उसकी किस्तें भरने की जानकारी दी। चोरी की रकम से खरीदी गई संपत्ति पाए जाने पर पुलिस ने संबंधित वाहन भी जब्त किए हैं।
क्रेटा कार, बुलेट और लाखों के जेवरात जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित मशरूका जब्त किया है—
एक सफेद रंग की क्रेटा कार, कीमत लगभग 10 लाख रुपये।
एक बुलेट मोटरसाइकिल, कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये।
एक होंडा एसपी साइन मोटरसाइकिल, कीमत लगभग 1 लाख रुपये।
करीब 6 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण।
नकदी रकम 1 लाख 30 हजार रुपये।
गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के।
जब्त आभूषणों में चांदी की पायल, अंगूठियां, बिछिया, करधन, हाथपोछनी, बच्चों का चूड़ा, सिंदूरदान और चाबी का छल्ला सहित विभिन्न आभूषण शामिल हैं। सोने के सामान में मंगलसूत्र, पत्ती लॉकेट, सोने के दाने, टॉप्स और फुल्ली सहित अन्य आभूषण बरामद किए गए हैं।
जांजगीर जिले में भी दर्ज हैं पुराने मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। वर्ष 2022-23 में जिला जांजगीर में दिन के समय चोरी के मामलों में आरोपी जेल जा चुके हैं और संबंधित प्रकरण विचाराधीन हैं। प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, आरोपियों के विरुद्ध जांजगीर जिले में पूर्व में 19 प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के साथ उनकी संपत्तियों की भी पड़ताल कर रही है।
संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसीसीयू नोडल अधिकारी एवं सीएसपी सुदीप सरकार तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, थाना प्रभारी दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, उमाशंकर राठौर, निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह तथा आरक्षक धीरेंद्र तोमर, महादेव कुजूर, भास्कर साहू, अविनाश कश्यप और समर बहादुर का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को कुल 10 प्रकरणों में गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की अन्य आपराधिक गतिविधियों और संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।