Advertisement Carousel
Blog

नकली सोने के बिस्किट से ठगी करने वाला अंतरजिला गिरोह बेनकाब, 5 गिरफ्तार

Advertisements

नकली सोने के बिस्किट बेचकर ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

Advertisements
Advertisements


दुर्ग जिले की उतई पुलिस ने नकली सोने के बिस्किट बेचकर लोगों से ठगी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जमीन में गड़ा खजाना और हंडे में मिले सोने की मनगढ़ंत कहानी सुनाकर लोगों को झांसे में लेते थे तथा नकली धातु को असली सोना बताकर सस्ते दाम में बेचने का लालच देकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार बोरसी निवासी जितेंद्र साहू की शिकायत पर थाना उतई में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पता चला कि आरोपी संगठित तरीके से लोगों को विश्वास में लेकर नकली धातु के बिस्किट और सिक्कों को असली सोना बताकर बेचने का प्रयास करते थे।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, भौतिक साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 1 किलो 242 ग्राम वजन के सोने जैसे दिखने वाले नकली धातु के बिस्किट, एक नकली सिक्का, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, मोबाइल फोन तथा अन्य साक्ष्य सामग्री जब्त की गई।


गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार टंडन (दुर्ग), पन्नालाल कुर्रे (कोरबा), गणेशराम गंधर्व (कबीरधाम), रामस्वरूप रौतेल (डिंडोरी, मध्यप्रदेश) और भानुप्रताप डहरिया (दुर्ग) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी इसी प्रकार की ठगी और अन्य अपराधों से जुड़े तथ्य सामने आए हैं।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सस्ते दाम पर सोना, चांदी या अन्य बहुमूल्य वस्तुएं बेचने के नाम पर दिए जाने वाले प्रलोभनों से सावधान रहें तथा किसी भी प्रकार के लेन-देन से पहले वस्तु की सत्यता का पूरा सत्यापन करें। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई है।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button