Advertisement Carousel
मध्यप्रदेशमैहर

विशाल मशाल जुलूस निकाल कांग्रेस ने जताया विरोध, पेपर लीक मामले में दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से विकास सोनी

मैहर। मध्यप्रदेश में लगातार सामने आ रहे परीक्षा पेपर लीक मामलों को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इसी के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार मैहर शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में  कांग्रेस कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेसजन शामिल हुए। हाथों में मशाल और तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की मांग उठाई।

मशाल जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकाला गया, जहां कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। वर्षों की मेहनत और सपनों को भ्रष्ट व्यवस्था ने कुचलने का काम किया है। छात्रों के अंदर गहरा असंतोष है क्योंकि लगातार भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे युवाओं का भरोसा सरकारी तंत्र और परीक्षा प्रणाली से उठता जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और अब भर्ती परीक्षाओं में भी पारदर्शिता नहीं बची है। पेपर लीक माफिया सक्रिय होकर खुलेआम विद्यार्थियों के भविष्य का सौदा कर रहे हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग मौन बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का मामला नहीं बल्कि प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य और उनके विश्वास का प्रश्न है।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मेहनत करने वाले गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चे दिन-रात पढ़ाई कर परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। माता-पिता अपने बच्चों की शिक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में भी खर्च उठाते हैं, लेकिन जब परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो जाता है तो विद्यार्थियों की मेहनत पर पानी फिर जाता है। इससे छात्रों में मानसिक तनाव और निराशा बढ़ रही है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा इसमें शामिल सभी दोषियों, अधिकारियों और माफियाओं पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों इसके लिए पारदर्शी एवं सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से यह भी मांग की कि भर्ती परीक्षाओं को समयबद्ध तरीके से आयोजित कर योग्य युवाओं को न्याय दिया जाए।

मशाल जुलूस के दौरान पूरे क्षेत्र में “युवा विरोधी सरकार मुर्दाबाद”, “पेपर लीक बंद करो”, “विद्यार्थियों को न्याय दो” जैसे नारों की गूंज सुनाई दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता,
संगठन के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में युवाओं का उत्साह और आक्रोश साफ दिखाई दिया।

Advertisements
First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad
Back to top button