```html ```

हाथी के हमले में वृद्ध की दर्दनाक मौत

जशपुर, छत्तीसगढ़ – तपकरा परिक्षेत्र के ग्राम जोरण्डाझरिया में 65 वर्षीय सिबन राम की हाथी के हमले से मृत्यु हो गई। मृतक ग्राम के आरक्षित वन क्षेत्र क्रमांक आर.एफ. 896 में वन अधिकार पट्टे की ज़मीन पर घर बनाकर खेती कर रहा था।

पिछले 15 दिनों से क्षेत्र में हाथियों की सक्रियता के चलते वन विभाग द्वारा ग्रामवासियों को सतर्क किया जा रहा था। क्षेत्रीय RRT और हाथी प्रबंधन टीम लगातार निगरानी कर रही थी।

सिबन राम को भी कई बार समझाइश दी गई थी कि वह सुरक्षित आबादी क्षेत्र में आ जाए। 2 मई की सुबह भी टीम और ग्रामीणों ने उन्हें बस्ती में आने को कहा था। उनकी पत्नी शाम से पहले लौट आई थीं और उन्होंने भी उन्हें बुलाया, लेकिन वे नहीं आए।

 

रात में वन विभाग की गश्ती टीम ने खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अगली सुबह करीब 5 बजे मृतक का शव उसके घर से लगभग 300 मीटर दूर पाया गया, जहां उसका हाथी से सामना हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि हुई है।

 

वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर घटना की जांच की। मृतक की पत्नी को तत्काल राहत राशि के रूप में ₹25,000 प्रदान किए गए हैं। आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी है और निगरानी तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *