Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

कुनकुरी में मोबाइल दुकान से करीब 150 मोबाइल चोरी, झारखंड से एक आरोपी गिरफ्तार

Ad

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

कुनकुरी। कुनकुरी थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान का शटर काटकर करीब 150 मोबाइल फोन चोरी किए जाने के मामले में जशपुर पुलिस ने एक आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। मामले में दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के साथ चोरी किए गए मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस के अनुसार, कठौतिया मोबाइल शॉप के संचालक पंकज कुमार पारिक ने 12 अगस्त 2026 को कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 11 अगस्त की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर संचालक घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान का शटर खुला होने की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। जांच में शटर के दोनों ताले कटे मिले और दुकान के भीतर रखे विभिन्न कंपनियों के करीब 150 मोबाइल फोन गायब पाए गए।

मामले में कुनकुरी थाने में अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और गवाहों से पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में दो लोग शामिल थे। घटनास्थल के पास स्थित एक होटल में संदिग्धों के खाना खाने और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने की जानकारी भी पुलिस को मिली। सीसीटीवी फुटेज, होटल से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच में एक आरोपी की पहचान तौसीफ रजा, उम्र 35 वर्ष, निवासी मुर्गीटोली, मध्य नारायणपुर, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज, झारखंड के रूप में हुई।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम झारखंड रवाना की गई। लगातार पतासाजी के बाद टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया और कुनकुरी लेकर आई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसका साथी पहले से मोबाइल दुकानों में चोरी की योजना बना रहे थे। दोनों ने झारखंड से निकलकर ओडिशा, आंध्रप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों में रेकी की थी। इसी दौरान उन्होंने कुनकुरी स्थित मोबाइल दुकान को निशाना बनाया।

बताया गया कि घटना की रात दोनों आरोपी दुकान के पीछे पहुंचे और औजार की मदद से शटर के दोनों ताले काटकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद मोबाइल फोन पिट्ठू बैग में भरकर वहां से निकल गए। कुछ दूरी पर जाकर दोनों ने मोबाइल के कवर और डिब्बे अलग कर झाड़ियों में फेंक दिए और हैंडसेट लेकर बस से फरार हो गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन उसके फरार साथी के पास हैं। पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के साथ चोरी के मोबाइल फोन बरामद करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया पिट्ठू बैग और उसका मोबाइल हैंडसेट जब्त किया है। जांच में आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक राकेश यादव, निरीक्षक गौरव पांडे, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, पीएसआई देविका मंडावी, नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक चंद्र शेखर बंजारे और आरक्षक नंदलाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button