Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

जशपुर में पुलिस, अभियोजन और न्यायपालिका की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

Advertisements

जशपुर। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस, अभियोजन और न्यायपालिका के अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, अभियोजन की मजबूती तथा न्यायालयों में दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

Advertisements
Advertisements

बैठक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश जनार्दन खरे ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के सफल क्रियान्वयन के लिए पुलिस, अभियोजन और न्यायपालिका के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, समयबद्ध विवेचना और प्रभावी पैरवी को न्याय प्रक्रिया की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। साथ ही अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण में विधिक प्रावधानों का गंभीरता से पालन करते हुए पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने की दिशा में कार्य करने का आग्रह किया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस-2023) के विभिन्न ट्रायल प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि नए कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और समयबद्ध बनाना है। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, वैज्ञानिक जांच और आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान लंबित मामलों, दोषमुक्ति प्रकरणों की समीक्षा, एफएसएल एवं डीएनए रिपोर्ट की स्थिति तथा अभियोजन कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को लंबित रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त करने, न्यायालयीन प्रक्रियाओं का समय पर पालन करने तथा बीएनएसएस के प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा विवेचकों को जब्ती कार्रवाई की वीडियोग्राफी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विधिक दस्तावेजीकरण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दर्ज गवाहियों का पृथक रिकॉर्ड संधारित करने और आवश्यक मामलों में संबंधित धाराओं के तहत समय पर आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में अधिकारियों ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस, अभियोजन और न्यायपालिका के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा गुणवत्तापूर्ण विवेचना और प्रभावी अभियोजन के माध्यम से न्याय व्यवस्था को और मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

बैठक में पुलिस विभाग, अभियोजन शाखा, शासकीय अधिवक्ता तथा जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों और विवेचकों सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button