Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

जशपुर में पुलिस मितान सम्मेलन, एक हजार स्वयंसेवकों को टी-शर्ट और डिजिटल क्यूआर कोड स्टिकर वितरित

Ad

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और पुलिस व आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जशपुर जिले में पुलिस मितान सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कुनकुरी, कांसाबेल, तपकरा, फरसाबहार तथा दोकड़ा, उपकछार और करडेगा क्षेत्र के करीब एक हजार पुलिस मितानों को टी-शर्ट और डिजिटल क्यूआर कोड स्टिकर वितरित किए गए।

Advertisements
Advertisements

जिले में वर्तमान में 5,012 पुलिस मितान सक्रिय हैं। पुलिस प्रशासन के अनुसार सभी पुलिस मितानों को चरणबद्ध तरीके से टी-शर्ट और डिजिटल क्यूआर कोड स्टिकर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह क्यूआर कोड उनके वाहनों पर लगाया जाएगा, जिसे स्कैन कर संबंधित पुलिस मितान का नाम, संपर्क और अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इससे ग्रामीणों को आपात स्थिति में स्थानीय पुलिस मितान से संपर्क करने में सुविधा मिलेगी।

सम्मेलन के दौरान पुलिस मितानों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्हें सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा, मानव तस्करी, टोनही प्रताड़ना, गौ तस्करी तथा अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस मितान योजना पुलिस और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बन रही है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही सुरक्षित, जागरूक और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने पुलिस मितानों से अपने-अपने गांवों में जिम्मेदारी और सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

यातायात उप पुलिस अधीक्षक के.आर. चौहान ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने, हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को शासन की ओर से प्रोत्साहन राशि और सम्मान प्रदान किया जाता है।

कार्यक्रम में ग्राम कोटवारों से भी पुलिस मितानों के साथ समन्वय बनाकर गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों की समय पर सूचना पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई।

इस अवसर पर एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, विभिन्न थाना एवं चौकी प्रभारी, ग्राम कोटवार, पुलिस मितान तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी पुलिस मितानों ने समाज सेवा, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति और जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Advertisements

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button