Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

जशपुर में वज्रपात से युवक की मौत, पुलिस ने जारी की सुरक्षा सलाह

Ad

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार शाम किनकेल घाट के पास उस समय हुआ, जब युवक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था।

जानकारी के अनुसार, मृतक गौरव खलखो निवासी ग्राम भुरसा, थाना कुनकुरी अपने साथियों के साथ देशदेखा क्षेत्र घूमने गया था। बारिश और तेज गर्जना के बीच मौसम कुछ सामान्य होने पर सभी साथी खुले मैदान में फोटो खिंचवा रहे थे। इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से गौरव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।

साथियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर जशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण वज्रपात बताया गया है।

इस घटना के बाद जशपुर पुलिस ने नागरिकों से बारिश के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि खराब मौसम, तेज गर्जना और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत, पहाड़ी इलाकों, जंगल तथा ऊंचे पेड़ों के नीचे रुकने से बचें। सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में शरण लें और बिजली के खंभों, हाईटेंशन लाइनों, मोबाइल टावरों, नदियों, तालाबों व जलाशयों से दूर रहें।

पुलिस ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और परिवार सहित आसपास के लोगों को भी वज्रपात से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में थोड़ी-सी सावधानी बड़े हादसों से बचा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button