Advertisement Carousel
Add
Blog

BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप के अंतरजिला नेटवर्क का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

Ad

Advertisements

BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप के अंतरजिला नेटवर्क का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

Advertisements


जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य एडमिन और आईडी होल्डर्स शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक यह नेटवर्क मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप ग्रुप, टेलीग्राम चैनल और डिजिटल करेंसी USDT के जरिए संचालित किया जा रहा था। मामले में दूसरे राज्य से जुड़े लिंक की भी जांच की जा रही है।
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, साइबर थाना जांजगीर को सूचना मिली थी कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड निवासी हेमलाल यादव मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में तत्काल रेड कार्रवाई की। पूछताछ में हेमलाल ने BDG ऑनलाइन सट्टा गेम खेलने और इससे जुड़े बड़े नेटवर्क की जानकारी दी। उसने बताया कि उसे सट्टा खेलने की आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा से मिली थी।

Advertisements


कड़ियां जोड़ती गई पुलिस, मुख्य एडमिन तक पहुंचा नेटवर्क
तकनीकी साक्ष्यों और आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने शैलेंद्र कुमार शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में शैलेंद्र ने BDG ऑनलाइन सट्टा ऐप की मास्टर आईडी और लिंक व्हाट्सएप के माध्यम से अन्य लोगों तक पहुंचाने की बात स्वीकार की। नेटवर्क में अपने नीचे नए लोगों को जोड़ने और उनके द्वारा सट्टे में रकम लगाने पर कमीशन मिलने की जानकारी भी सामने आई।


शैलेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने महेश प्रसाद राठौर, राकेश कुमार राठौर, दुर्गेश कुमार राठौर और हीरालाल यादव को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों के मोबाइल फोन से ऑनलाइन सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं।


पुलिस के अनुसार, शैलेंद्र अब तक करीब 20 लाख रुपए का ऑनलाइन सट्टा खेल चुका था और लिंक के जरिए कई अन्य लोगों को भी इस नेटवर्क से जोड़ चुका था। वहीं, आरोपियों से जुड़े खातों में 30 लाख रुपए से अधिक के लेनदेन के प्रमाण मिले हैं। ऑनलाइन पैसों के लेनदेन के साथ USDT डिजिटल एसेट के इस्तेमाल के भी साक्ष्य पुलिस को मिले हैं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में हेमलाल यादव उर्फ सोनू (47), शैलेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शैलू (45), महेश प्रसाद राठौर उर्फ मुकेश (47), राकेश कुमार राठौर उर्फ पप्पू (45), दुर्गेश कुमार राठौर उर्फ मनु (45) और हीरालाल यादव (47) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी जांजगीर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्मार्टफोन, ऑनलाइन सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट, व्हाट्सएप चैट सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं बीएनएस की धारा 112(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
साइबर जागरूकता के साथ कार्रवाई भी जारी
जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा साइबर जागृति कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों को ऑनलाइन सट्टा, जुआ और संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड नहीं करने के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। पुलिस ने अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा या ऐप आधारित वित्तीय धोखाधड़ी के किसी भी प्रलोभन में न आएं। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button