Advertisement Carousel
Blog

सूर्योदय प्लांट के गार्ड से लूट और चाकूबाजी, 3 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

Advertisements

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से ललिता बरेठ

Advertisements

गार्ड से लूट और चाकू से हमला करने वाले 3 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लूटा मोबाइल, चाकू और बैंक ट्रांजेक्शन के साक्ष्य जब्त
रायगढ़ पुलिस ने सूर्योदय प्लांट के सुरक्षा गार्ड से लूट और चाकू से हमला करने की सनसनीखेज वारदात का चंद घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, घटना में प्रयुक्त चाकू, सिम कार्ड तथा ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

Advertisements


पुलिस के अनुसार, जशपुर निवासी एवं वर्तमान में सूर्योदय प्लांट कॉलोनी में रह रहे सुरक्षा गार्ड कुबेर कुमार यादव (25) 13 जुलाई की शाम कंपनी से तुमीडीह बाजार जा रहे थे। इसी दौरान कंपनी गेट से कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने मोबाइल, पर्स और नकदी की मांग की। विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और उनका VIVO T3 मोबाइल तथा पर्स लूटकर फरार हो गए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल का उपयोग कर उसके फोन-पे खाते से 30 हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।


घटना की रिपोर्ट मिलते ही थाना पूंजीपथरा पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने वेजौन कंपनी, चिराईपानी के पास तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ और पहचान परेड में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह के कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद किया, जबकि जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, सिम कार्ड और बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े साक्ष्य जब्त किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर कुलदीप सिंह (33), जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू (21) और अनिकेत धनवार (19) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी कुलदीप सिंह पूर्व में ट्रेलर चोरी के मामले में भी आरोपी रह चुका है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पूंजीपथरा पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि लूट, डकैती और हिंसक अपराध करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त और त्वरित कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी तथा आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button